- हाइलाइट्स: Siddhi Clinic Shivganj Ara
- ऑपरेशन के दौरान नवजात की मौत, परिजन ने किया हंगामा
- इलाज में लापरवाही बरतने से नवजात की मौत व प्रसूता की बच्चेदानी काटने का लगाया आरोप
- आक्रोशित परिजनों ने रोड जामकर की आगजनी
- पीड़िता के भाई द्वारा टाउन थाना में अस्पताल के संचालक समेत तीन विरुद्ध दिया गया आवेदन
- शहर के शिवगंज सपना सिनेमा रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में शनिवार की सुबह घटी घटना
आरा। शहर के टाउन थाना क्षेत्र के शिवगंज सपना सिनेमा रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में शनिवार की सुबह ऑपरेशन के दौरान नवजात की मौत हो गई। घटना को लेकर आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। पीड़िता के परिजन द्वारा प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने के कारण नवजात की मौत होने एवं पीड़िता का बच्चेदानी निकालने का आरोप लगाया जा रहा है। बच्चे की मौत के बाद उसके परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित परिजनों द्वारा प्राइवेट अस्पताल में जमकर हंगामा किया गया।
आक्रोशित परिजन द्वारा डॉक्टर पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर शिवगंज सपना सिनेमा रोड में स्थित प्राइवेट अस्पताल के गेट के बाहर बांस-बल्ला एवं ठेला लगाकर रोड जाम कर दिया। जाम के दौरान उनके द्वारा टायर जला कर आगजनी की गई। लगभग छह घंटे तक रोड को जाम रखा गया। जाम होने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनो की लंबी लाइन लग गई एवं आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा।
Siddhi Clinic Shivganj Ara – प्राइवेट अस्पताल के एक कमरे से दो टेट्रा पैक का अंग्रेजी शराब बरामद
रोड जाम की सूचना पाकर टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया एवं जाम को हटवाया। तब जाकर परिचालन शुरू हो सका। वहीं पुलिस ने घटना की जांच के क्रम में प्राइवेट अस्पताल के एक कमरे से दो टेट्रा पैक का अंग्रेजी शराब भी बरामद किया।
जानकारी के अनुसार मृत नवजात शाहपुर थाना क्षेत्र के रंडाडीह गांव निवासी विष्णु यादव का पुत्र है। इधर, टाउन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी संजय यादव के पुत्र व पीड़ित महिला रानी कुमारी के भाई बिट्टू कुमार द्वारा प्राइवेट अस्पताल के डॉ. विनय कुमार सिन्हा, डॉ.एस. कुमार एवं अस्पताल संचालक कमलेश कुमार शर्मा के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है।
दिए गए आवेदन में कहा गया है कि उसकी बहन रानी कुमारी गर्भवती थी। प्रसव के लिए नेहरू नगर मोहल्ले में अपने मायके आई हुई थी। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे वे लोग अपनी बहन रानी कुमारी को लेकर शिवगंज सपना सिनेमा रोड स्थित सिद्धि अस्पताल प्रसव के लिए ले गए थे।
वहां पर डॉ. विनय कुमार सिन्हा, डॉ. एस कुमार एवं कमलेश कुमार शर्मा के द्वारा कहा गया कि मरीज का जल्दी से ऑपरेशन कर लो नहीं तो कुछ भी हो सकता है। जब उसने कहा कि पहले जांच करवा ले तब ऑपरेशन कर दीजिएगा, तो डॉक्टरों द्वारा उसे डांट कर भगा दिया गया और बोला गया कि डॉक्टर मैं हूॅं या तुम हो। इसके बाद डॉक्टर द्वारा पैसा जमा करने के लिए कहा गया।
उसके द्वारा मना करने के बाद भी बिना जांच किये ही उसकी बहन रानी कुमारी का ऑपरेशन कर दिया गया। डॉक्टर के लापरवाही के कारण नवजात बच्चे की मौत हो गई। उनके द्वारा शनिवार की सुबह जब पूछा गया कि बच्चे की मौत कैसे हुई, तो डॉक्टर द्वारा डांट कर उन्हें भगा दिया गया।
जब सुबह पुलिस पेट्रोलिंग करने जा रही थी। तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद वे लोग अस्पताल में गए और शराब की दो फ्रूटी डॉक्टर साहब के कमरे से मिली। परिजन द्वारा दिए गए आवेदन में प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही एवं शराब के नशे में ऑपरेशन करने के कारण नवजात की मौत होने एवं मां के बच्चेदानी को निकाल देने का आरोप लगाया है।
वही डॉ. एस. कुमार ने बताया कि परिजन द्वारा शुक्रवार की रात करीब साढ़े बजे के आसपास महिला को लाया गया था। उस समय महिला को काफी ब्लीडिंग हो रही थी। जिसके बाद कमलेश कुमार शर्मा द्वारा इसकी जानकारी डॉ. विनय कुमार सिन्हा को दी गई। जिसके बाद विनय कुमार सिन्हा द्वारा उसके अटेंडेंट को बताया गया कि हालत काफी क्रिटिकल है मरीज को बचाना है या बच्चे को।
क्योंकि हमें संदेह है कि प्लेसेंटा फट चुका है। इसके बाद उनके द्वारा मरीज को ओटी में लाया गया और परिजन को भी बुलाकर उसकी कंडीशन को दिखाया गया। हालांकि रात अधिक हो जाने के कारण अल्ट्रासाउंड बंद हो चुका था और जांच भी नहीं हो पाई थी। लेकिन मरीज के परिजन द्वारा दो दिन पूर्व बाहर में जांच कराया गया था और उसमें सब कुछ ठीक था।
उन्होंने बताया कि डॉ. विनय कुमार सिन्हा द्वारा मरीज को रेफर भी कर दिया गया था। लेकिन परिजन ने कहा कि नहीं आप कीजिए। इसके बाद उनके द्वारा ऑपरेशन किया गया और बच्चा मरा हुआ पैदा हुआ। उन्होंने बताया कि महिला के परिजन के कहने पर ही उसके बच्चेदानी को निकाला गया था। क्योंकि बच्चेदानी नहीं निकाला जाता, तो ब्लीडिंग अधिक हो जाने के कारण महिला की मौत हो जाती।
बताया जाता है कि पीड़ित महिला को तीसरा बच्चा होने वाला था। इससे पहले उसे एक पुत्र रबिश कुमार एवं पुत्री अनन्या कुमारी है। दोनों नॉर्मल डिलीवरी से हुए थे। घटना के बाद मृत नवजात बच्चे की मां रानी कुमारी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


