Home Guard Arrested: पुलिस अधीक्षक राज की ओर से प्रेस बयान जारी कर गिरफ्तारी की जानकारी दी गयी है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को मेले को लेकर काफी संख्या में लोग सिन्हा थाना क्षेत्र में गंगा किनारे और पीपा पुल की ओर गये थे।
- हाइलाइट: Home Guard Arrested
- राहगीरों से मारपीट और रंगदारी वसूलने में होमगार्ड सहित तीन गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
- सिन्हा थाना क्षेत्र के पीपा पुल से गुरुवार की रात पकड़े गए तीनों अभियुक्त
- यूपी से लौटने समय स्कॉर्पियो सवार होमगार्ड सहित अन्य ने राहगीरों से की थी मारपीट
आरा। भोजपुर में एक होमगार्ड द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर राहगीरों से मारपीट और रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। नशे में धुत स्कॉर्पियो सवार होमगार्ड और उसके साथियों ने पीपा पुल पर जमकर उत्पात मचाया है। घटना गुरुवार की रात की सिन्हा थाना क्षेत्र में गंगा नदी पर बने पीपा पुल की है। हालांकि मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिन्हा थाने की पुलिस द्वारा होमगार्ड सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
Home Guard Arrested : आरा ट्रैफिक थाने में पोस्टेड था रोहित कुमार
इनमें संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव गांव निवासी रामजी रजक के पुत्र रोहित कुमार, नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मिल्की निवासी सत्यनारायण यादव के पुत्र सोनू कुमार और अनाइठ एकता नगर निवासी स्व.विंदेश्वरी प्रसाद के पुत्र अभिषेक कुमार सिंह शामिल हैं। इनमें रोहित कुमार होमगार्ड है और आरा ट्रैफिक थाने में पोस्टेड था।
घटना में इस्तेमाल स्कार्पियो भी जब्त कर ली गयी है। हालांकि दो अन्य अभियुक्त भागने में सफल रहे। इस मामले में सभी के खिलाफ राहगीरों से मारपीट और रंगदारी वसूलने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पुलिस अधीक्षक राज की ओर से प्रेस बयान जारी कर गिरफ्तारी की जानकारी दी गयी है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को मेले को लेकर काफी संख्या में लोग सिन्हा थाना क्षेत्र में गंगा किनारे और पीपा पुल की ओर गये थे। कृष्णगढ थाना क्षेत्र के उदभयानपुर गांव के कुछ लड़के भी पीपा पुल पर घूमने गये थे।
शाम में होमगार्ड रोहित कुमार अपने साथियों के साथ यूपी से स्कॉर्पियो से आरा लौट रहा था। सभी नशे में धूत थे। पीपा पुल पर स्कॉर्पियो सवार होमगार्ड और उसके साथी उत्पात मचाने लगे। राहगीरों के साथ गाली-गलौज की जाने लगी।
उसी क्रम में उदयभानपुर गांव के लड़कों से होमगार्ड और उसके साथी उलझ गए। मारपीट भी करने लगे। उन लड़कों का पांच हजार रुपए भी छीन लिया गया। मेले को लेकर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजू कुमार के नेतृत्व में टीम पहुंची और एसपी के निर्देश पर होमगार्ड सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में उदयभानपुर गांव निवासी राज कुमार के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है।















