Thursday, February 19, 2026
No menu items!
Homeआरा भोजपुरउदवंतनगरभोजपुर में हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मियों को बनाया बंधक, लूट का...

भोजपुर में हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मियों को बनाया बंधक, लूट का प्रयास असफल

Bandhan Bank Udwantnagar: आरा-अरवल मार्ग पर बंधन बैंक में लूट का असफल प्रयास: हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मियों को बनाया बंधक

  • हाइलाइट: Bandhan Bank Udwantnagar
    • हथियारबंद अपराधियों ने बंधन बैंक में लूट का किया असफल प्रयास
    • पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी
    • उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जयनगर एवं खरौनी गांव के बीच स्थित बंधन बैंक में शुक्रवार की सुबह घटी घटना

आरा,बिहार। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-अरवल मार्ग पर स्थित जयनगर एवं खरौनी गांव के बीच बंधन बैंक की शाखा में शुक्रवार की सुबह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लूट का असफल प्रयास किया। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया, हालांकि वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। यह वारदात सुबह करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है।

Bandhan Bank Udwantnagar: हथियारबंद अपराधी बैंक में घुसे

बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे जैसे ही बंधन बैंक के कर्मचारियों ने शाखा खोली, चार की संख्या में हथियारबंद अपराधी बैंक में घुस गए। उन्होंने तत्काल बैंक कर्मियों से चाबी की मांग की और नकदी के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जब बैंक कर्मचारियों ने चाबी देने और कैश की जानकारी देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।

इसी बीच, कुछ ग्राहक बैंक में आने लगे। ग्राहकों के पहुंचने पर अंदर बंद बैंक कर्मियों ने आवाज लगाई, जिसके बाद ग्राहकों ने दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। इसी दौरान एक जागरूक ग्राहक ने तत्काल डायल 112 नंबर पुलिस वाहन और उदवंतनगर पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश पुलिस बल के साथ तथा डायल 112 नंबर पुलिस वाहन की टीम बंधन बैंक पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी अपराधी मौके से फरार हो चुके थे। थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने बैंक कर्मी एवं प्रबंधक से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके पश्चात, पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।

सदर एसडीपीओ वन राजकुमार साह ने इस संबंध में बताया कि जैसे ही बंधन बैंक खुली, दो की संख्या में बदमाश उसमें घुस गए। आसपास के लोगों द्वारा इसकी सूचना डायल 112 नंबर पुलिस वाहन एवं स्थानीय थाना को दी गई, जिसके कारण वे लूट करने में असफल रहे और मौके से भाग निकले। सूचना पर डीआईयू (जिला खुफिया इकाई) टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बैंक में लगे डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) को अपने कब्जे में ले लिया है और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। एसडीपीओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस घटना का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur

Most Popular