Congress office Ara: आरा शहर के शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय गुरुवार की दोपहर देखते ही देखते रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
- हाइलाइट्स:
- नारेबाजी को लेकर हुई मारपीट, वीडियो वायरल
- जख्मी कार्यकर्ता का सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
- शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार की दोपहर घटी घटना
- जख्मी ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाने में दिया आवेदन
बिहार (भोजपुर) आरा शहर के शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय गुरुवार की दोपहर देखते ही देखते रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। नारेबाजी को लेकर दो कांग्रेसी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने गए एक अन्य कार्यकर्ता की जमकर लप्पड़-थप्पड़ से पहले पिटाई की उसके बाद सर फोड़ दिया गया।
उन्हे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना को लेकर कांग्रेस कार्यालय में भगदड़ मच गई। कार्यक्रम में आए लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। उधर, घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार जख्मी नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला मोहल्ला निवासी सह कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सह वर्तमान पैक्स अध्यक्ष शिव कुमार सिंह के 35 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार सिंह है। वह तपेश्वर सिंह इंदू महिला कॉलेज में सहायक लिपिक है। कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं।
इधर, सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उदवंतनगर थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी सह कांग्रेस कार्यकर्ता अशोक सिंह एवं अलीपुर पंचायत के पूर्व मुखिया सह कांग्रेस कार्यकर्ता उपेंद्र सिंह के बीच झगड़ा हो रहा था। जब वह बीच-बचाव करने गए, तो उपेंद्र सिंह के द्वारा कहा जाने लगा कि तुम इसका बचाव क्यों कर रहे हो?
इसी बात को लेकर उनके बीच नोकझोंक हुई। जिसके बाद उपेंद्र सिंह एवं उनके समर्थकों द्वारा उनकी पिटाई कर दी गई और ईट से मारकर उनका सर फाड़ दिया गया। जिससे वह जख्मी हो गए। वहीं दूसरी तरफ जख्मी ने अलीपुर पंचायत के पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह पर मारपीट करने व ईट से मारकर अपना सर फाड़ने का आरोप लगाया है।
Congress office Ara: कांग्रेस कार्यालय में सम्मान समारोह
बताया जाता है कि गुरुवार को शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में छत्तीसगढ़ के भेलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र यादव पहली बार भोजपुर आए थे। जिसे लेकर कांग्रेस कार्यालय में सम्मान समारोह एवं कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान जब वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ता देवेंद्र यादव के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। तभी कांग्रेस कार्यकर्ता सुनील कुमार सिंह एवं उपेंद्र सिंह के बीच दोनों आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट की। जिसमें सुनील कुमार सिंह जख्मी हो गए।


