- हाइलाइट: News of Bhojpur district
- सवारियों से भरी ऑटो अनियंत्रित होकर पलटी, मां-बेटी घायल
- टाउन थाना क्षेत्र के सपना सिनेमा मोड़ के समीप रविवार की सुबह घटी घटना
आरा। शहर के टाउन थाना क्षेत्र के सपना सिनेमा मोड़ के समीप रविवार की सुबह सवारियों से भरी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ऑटो पर सवार मां-बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जबकि ऑटो पर सवार एक अन्य महिला व चालक बाल-बाल बच गए। जख्मी मां-बेटी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार जख्मियों में टाउन थाना क्षेत्र के धनुपरा गांव निवासी स्व.रामबाबू प्रभात की पत्नी सावित्री देवी एवं उसकी पुत्री प्रतिमा भारती शामिल है। इधर, प्रतिमा भारती ने बताया कि दोनों धनुपरा से ऑटो द्वारा जेल रोड सिलाई मशीन बनवाने के लिए आ रही थी। उसी दौरान सपना सिनेमा मोड़ के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई।
News of Bhojpur district – छत से गिरकर जख्मी युवक की मौत, घर मे मचा कोहराम
- इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
- सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव में शनिवार की सुबह घटी घटना
सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव में शनिवार की सुबह छत से गिरकर हुए जख्मी युवक की मौत हो गई। इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान उसने शनिवार की रात दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक सहार थाना क्षेत्र के सखुआना गांव निवासी बबन शर्मा का 34 वर्षीय पुत्र शिवजी शर्मा है।
इधर, मृतक की पत्नी अनीता देवी ने बताया कि शुक्रवार को वह सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव अपने रिश्तेदार के घर गए थे। शनिवार की सुबह रिश्तेदार द्वारा घटना की जानकारी दी गई। सूचना पाकर वह सदर अस्पताल पहुंची। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसके पति को पटना रेफर कर दिया गया था। परिजन शनिवार को उसे इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस गांव ले गए। तब इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी अनीता देवी, चार पुत्री पूनम कुमारी, निशु कुमारी, निराशा कुमारी, मुन्नी कुमारी व दो पुत्र नंदू कुमार एवं आसू कुमार है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। उसकी पत्नी अनीता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अगिआंव में प्रोग्राम देखने जा रहे बाइक सवार युवक की मौत, दो दोस्त जख्मी
- घायलो का संदेश रेफरल अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
- संदेश थाना क्षेत्र के सिकरिया मोड़ के समय शनिवार की देर रात घटी घटना
संदेश थाना क्षेत्र के सिकरिया मोड़ के समीप शनिवार की देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनका इलाज संदेश रेफरल अस्पताल में कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतक संदेश थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी गणेश राम का 19 वर्षीय पुत्र भोला कुमार है। जबकि जख्मियों में उसी गांव के निवासी सुरेंद्र यादव का 23 वर्षीय पुत्र बघारू यादव एवं बबुरा थाना क्षेत्र के बागमझौवां गांव निवासी 20 वर्षीय पवन मांझी शामिल है।
इधर, मृतक के मामा उमेश राम ने बताया कि उनका भांजा भोला कुमार अपने दो दोस्त पवन मांझी एवं सुरेंद्र यादव के साथ बाइक द्वारा प्रोग्राम में शामिल होने के लिए अगिआंव जा रहा था। उसी दौरान सिकरिया मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें चकमा दे दिया। जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सडक चाट में पलट गई। जिससे तीनों घायल हो गए। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने भोला कुमार को मृत घोषित कर दिया। वही जख्मी उसके दोस्त पवन मांझी एवं सुरेंद्र यादव का इलाज कराया जा रहा है।


