Voter Rights Yatra: राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव,अखिलेश यादव,भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत कई बड़े नेता आज आरा में।
- हाइलाइट:
- आरा शहर के रमना मैदान पहुंचेगी वोटर अधिकार यात्रा
आरा। वोटर अधिकार यात्रा पर निकले इंडिया गठबंधन के नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और गठबंधन के अन्य नेता आज भोजपुर जिले में प्रवेश करने वाले हैं। यह यात्रा भारतीय राजनीति एवं बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Voter Rights Yatra – भोजपुर में बड़हरा विधानसभा क्षेत्र से होगी शुरुआत
छपरा में यात्रा पूरी करने के बाद, यह यात्रा डोरीगंज होते हुए भोजपुर में प्रवेश करेगी। यात्रा की शुरुआत बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के बबुरा से होगी, जहां से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी तय कर कोइलवर होते हुए आरा शहर के रमना मैदान पहुंचेगी।
स्वागत की तैयारी: बबुरा से ही गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह स्वागत करने की तैयारी की गई है। राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव,अखिलेश यादव,भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत कई बड़े नेता यात्रा में शामिल होंगे। आरा के रमना मैदान स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में एक बड़ी जनसभा में अपने विचार साझा करेंगे।
रमना मैदान में बड़ी जनसभा: बबुरा से शुरू होकर राहुल-तेजस्वी की वोटर अधिकार यात्रा फोरलेन सड़क होते हुए कोइलवर पहुँचेगी। वहां से सकड्डी-कायमनगर व धरहरा होते हुए सपना सिनेमा मोड़ से शहर में प्रवेश करेगी। यह यात्रा शिवगंज, सदर अस्पताल, मठिया मोड़ होते हुए रमना मैदान पहुंचेगी। यहां बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा और डॉ. भीम राव अंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के बाद सभी नेता वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
होर्डिंग्स से पटी सड़क, तोरणद्वार: बबुरा से आरा तक की सड़क होर्डिंग्स से पटी हुई है, और कई जगह तोरणद्वार बनाए गए हैं। राहुल-तेजस्वी की मतदाता अधिकार यात्रा को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं द्वारा तमाम तरह की तैयारियां की गई हैं। बड़े-बड़े होर्डिंग्स के अलावा, सड़कों पर समर्थकों और नेताओं द्वारा तोरणद्वार भी लगाए गए हैं। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों में जुटे नेताओं ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।
ख़ासकर राजद नेताओं के होर्डिंग्स अन्य दलों के होर्डिंग्स से ज़्यादा दिख रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता भी इस मामले में पीछे नहीं हैं। मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के समर्थकों ने भी कई जगहों पर पोस्टर लगाए हैं।
पारंपरिक स्वागत की तैयारी: राहुल-तेजस्वी की यात्रा के बड़हरा विधानसभा के बबुरा पहुंचते ही राजद और कांग्रेस समर्थकों द्वारा पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक राजद समर्थक तैयारी में हैं, जो इस यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी तरह से जुटे हुए हैं।


