Sonam Patel injured: कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव निवासी सकल महतो की 35 वर्षीय पुत्री सोनम पटेल, जो जदयू की कोईलवर प्रखंड अध्यक्ष भी हैं
- हाइलाइट: Sonam Patel injured
- पूर्व के विवाद में जदयू नेत्री को मारी चाकू, रेफर
- पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी
- कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया स्थित दक्षिण ग्रामीण बैंक के समीप सोमवार की दोपहर घटी घटना
आरा। जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के समीप सोमवार की दोपहर एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां पूर्व के विवाद को लेकर जदयू की एक स्थानीय नेत्री पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने उन्हें धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव निवासी सकल महतो की 35 वर्षीय पुत्री सोनम पटेल, जो जदयू की कोईलवर प्रखंड अध्यक्ष भी हैं, अपनी बेटी के साथ बैंक जा रही थीं तभी उन पर हमला हुआ। सोनम पटेल को बाईं ओर कमर में चाकू लगने से गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तत्काल बाद उन्हें कोईलवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में भी उनकी हालत की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र अपने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से छानबीन में जुट गए हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, जख्मी नेत्री सोनम पटेल की बेटी खुशी कुमारी ने घटना के संबंध में बताया कि वर्ष 2024 में गांव के ही सगे भाइयों द्वारा उनकी छोटी बहन के साथ छेड़खानी की गई थी, जिसके संबंध में उनके द्वारा स्थानीय थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। खुशी के अनुसार, हमलावरों द्वारा दो दिन पूर्व उनके घर आकर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
सोमवार दोपहर को जब वह अपनी मां सोनम पटेल के साथ गांव में स्थित दक्षिण ग्रामीण बैंक जा रही थीं, तभी पीछे से आए उन्हीं दोनों आरोपियों ने उनका पीछा किया। बैंक के समीप पहुंचते ही एक आरोपी ने खुशी को धक्का देकर गिरा दिया, जबकि दूसरे आरोपी ने सोनम पटेल को पकड़ लिया और फिर उनकी कमर में धारदार हथियार से वार कर दिया। इस हमले में सोनम पटेल गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। खुशी कुमारी ने इस वारदात के लिए गांव के ही राजकुमार सिंह और बिट्टू कुमार सिंह पर अपनी मां को तलवार से मारकर जख्मी करने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।


