Best District Election Officer Award – 2025: भोजपुर के डीएम तनय सुल्तानिया को ‘बेस्ट जिला इलेक्शन ऑफिसर अवार्ड-2025’ से नवाजा गया
- हाइलाइट: Best District Election Officer Award – 2025
- एसआईआर एवं विधानसभा चुनाव-2025 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु मिला सम्मान
- सूबे के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के द्वारा प्रदान किया गया प्रशस्ति-पत्र
पटना: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भोजपुर जिले के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया को रविवार को आयोजित एक राज्यस्तरीय समारोह में ‘बेस्ट जिला इलेक्शन ऑफिसर अवार्ड-2025’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
यह सम्मान श्री सुल्तानिया के दूरदर्शी नेतृत्व में निर्वाचन प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों का प्रतिफल है। उनके कार्यकाल में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य, मतदाता जागरूकता अभियानों तथा विधानसभा चुनाव-2025 की तैयारियों को अत्यंत व्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से अंजाम दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप निष्पक्ष एवं निर्बाध चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित हो सकी।
उनके अथक प्रयासों से न केवल निर्वाचन संबंधी तकनीकी पहलुओं में सुधार हुआ, बल्कि आम मतदाताओं की सहभागिता भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने इस अवसर पर तनय सुल्तानिया के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह अवार्ड भोजपुर जिले के संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र की प्रतिबद्धता और सामूहिकता का भी प्रतीक है।


