Homeशाहपुरसहजौलीराष्ट्रपति पदक से सम्मानित होंगे भोजपुर के सपूत अरुण कुमार ओझा

राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होंगे भोजपुर के सपूत अरुण कुमार ओझा

Arun Kumar Ojha: भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत सहजौली गांव निवासी स्वर्गीय लक्ष्मण ओझा के पुत्र अरुण कुमार ओझा वर्तमान में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं।

jay kumar
  • हाइलाइट: Arun Kumar Ojha
    • नक्सल मोर्चे पर बहादुरी की मिसाल बने शाहपुर के अरुण ओझा, राष्ट्रपति पदक से होंगे सम्मानित

आरा,बिहार। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत सहजौली गांव के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है। गांव के वीर सपूत अरुण कुमार ओझा को उनकी असाधारण, साहसिक एवं राष्ट्र-समर्पित सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनकी एक दशक की नक्सल मोर्चे पर उत्कृष्ट सेवा और अदम्य साहस का प्रतिफल है।

स्वर्गीय लक्ष्मण ओझा के पुत्र अरुण कुमार ओझा वर्तमान में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। बीते एक दशक से वे झारखंड के नक्सल प्रभावित एवं दुर्गम क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जहां उन्होंने अनेक चुनौतियों का सामना किया है और देश सेवा की मिसाल कायम की है।

इन वर्षों के दौरान, श्री ओझा ने झारखंड के अत्यंत संवेदनशील और कठिन इलाकों में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों में अतुलनीय पराक्रम और असाधारण सूझबूझ का परिचय दिया है। उन्होंने कई जोखिमपूर्ण मुठभेड़ों में अदम्य साहस का प्रदर्शन किया, जिससे विभागीय स्तर पर उनके नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति असीम समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। इन्ही उत्कृष्ट सेवाओं के परिणामस्वरूप, उन्हें राष्ट्रपति पदक के लिए चयनित किया गया है।

इस सम्मान के अंतर्गत, श्री ओझा को एक विशिष्ट पदक, प्रशस्ति पत्र के साथ-साथ नगद राशि भी प्रदान की जाएगी। उनके राष्ट्रपति पदक के लिए चयन की खबर मिलते ही, शाहपुर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्ष और गौरव की लहर दौड़ गई है। इस उपलब्धि पर ग्रामीण जन व कई गणमान्य व्यक्तियों ने अरुण कुमार ओझा को हार्दिक बधाइयां दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

इस अवसर पर बधाई देने वाले में पूर्व सांसद मीना सिंह, पूर्व विधायक मुन्नी देवी, पूर्व विधायक राहुल तिवारी, भाजपा नेता भुअर ओझा, अधिवक्ता अभय कुमार पांडे, अश्वनी कुमार पांडे, खांटी एग्रो के निदेशक उमेश चंद्र पांडे, जिला परिषद सदस्य कृष्णा देवी, समाजसेवी प्रमोद ओझा, श्यामनंदन ओझा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रमुख नागरिक शामिल हैं।

Bijay singh

Most Popular