Saraiya – Murder: भोजपुर जिले के संदेश में खेत के विवाद में बुजुर्ग किसान की पीट-पीटकर हत्या, पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
- हाइलाइट: Saraiya – Murder
- सरैया गांव निवासी 61 वर्षीय राम केवल चौधरी
- इलाज के दौरान आरा सदर अस्पताल में तोड़ा दम
आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैंया गांव में जमीनी विवाद के कारण एक बुजुर्ग किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत के मामूली विवाद ने ऐसा उग्र रूप धारण किया कि बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इलाज के दौरान उसने सदर अस्पताल में मंगलवार की दोपहर दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार मृतक संदेश थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी 61 वर्षीय राम केवल चौधरी है। वह पेशे से एक साधारण किसान थे और खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इधर, घटना के संदर्भ में मृतक के पुत्र कुंदन कुमार ने बताया कि वह सोन नदी के किनारे लौकी की खेती करता है। विवाद की शुरुआत रविवार की रात को हुई जब वह अपने खेत पर था। उसी दौरान उसके चचेरे भाई ने अपने परिजनों के साथ मिलकर वहां पहुंचकर खेती करने से मना किया और उसके साथ मारपीट की।
घटनाक्रम ने सोमवार की सुबह और भी हिंसक रूप ले लिया। जब राम केवल चौधरी घर पर अकेले थे, तब उनके चचेरे भाई चितरंजन ने अपने भाई, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग पर लाठी-डंडों और बैसाखी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में राम केवल चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।
संदेश थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने ‘खबरे आपकी’ को बताया कि मृतक के पुत्र प्रभु कुमार के बयान के आधार पर आरोपी चितरंजन, उसके भाई और भतीजे सहित कुल पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


