HomeNewsबिहारभोजपुर व जहानाबाद की चोरी की ग्यारह बाइक के साथ पांच शातिर...

भोजपुर व जहानाबाद की चोरी की ग्यारह बाइक के साथ पांच शातिर गिरफ्तार

Bike Gang – Ara: पुलिस के अनुसार चोरी की इन बाइक का इस्तेमाल अधिकतर अवैध शराब और बालू खनन के धंधे में किया जाता था।

  • हाइलाइट: Bike Gang – Ara
  • अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा:
  • नगर, बड़हरा, कोईलवर, बबुरा और चांदी इलाके से बरामद की गयी चोरी की सभी बाइक
  • अवैध शराब और बालू खनन के धंधे में इस्तेमाल की जा रही थी चोरी की बाइक
  • गिरफ्तार शातिरों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क और चोरी की जानकारी ले रही पुलिस

आरा। नगर थाने की पुलिस द्वारा एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया गया है। चोरी की ग्यारह बाइक के साथ गिरोह के पांच शातिरों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनमें अधिकतर बाइक आरा नगर, नवादा और जहानाबाद जिले से चोरी गयी थी। सभी बाइक नगर, बबुरा, बड़हरा, कोईलवर और चांदी थाना क्षेत्र से बरामद की गयी है। पुलिस के अनुसार चोरी की इन बाइक का इस्तेमाल अधिकतर अवैध शराब और बालू खनन के धंधे में किया जाता था।

गिरफ्तार शातिरों में नगर थाना क्षेत्र के धरहरा अमीर टोला निवासी राम अयोध्या तिवारी के पुत्र राहुल कुमार तिवारी, बड़हरा थाना क्षेत्र के बिंदगावां निवासी स्व. बालेश्वर सिंह के पुत्र हरिओम सिंह, बबुरा थाना क्षेत्र के फुहां गांव निवासी शशि भूषण सिंह के पुत्र राज निक्की उर्फ निक्की सिंह, कोईलवर थाना क्षेत्र के बड़का चंदा गांव निवासी सोनेलाल के पुत्र विशाल कुमार और चांदी थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी लाल बाबू राय के पुत्र शैलेश कुमार शामिल है।

सदर एसडीपीओ वन राज कुमार साह की ओर से सोमवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ रही चोरी खासकर बाइक की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष टीम गठित की गयी थी। नगर थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में टीम द्वारा तकनीकी जांच के आधार पर चोरों की पहचान शुरू की गयी। उस दौरान सीसीटीवी फुटेज के जरिए धरहरा निवासी राहुल तिवारी की पहचान की गयी।

पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार करते हुए गिरोह के सदस्यों के नाम भी बताया। उस आधार पर गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर नगर, कोईलवर, बबुरा, बड़हरा और चांदी थाना क्षेत्र से चोरी की 11 बाइक भी बरामद कर ली गयी।

एसडीपीओ ने बताया कि बरामद बाइक में सात नगर, एक नवादा और एक जहानाबाद जिले से चोरी की गयी है। दो अन्य बाइक का सत्यापन किया जा रहा है। गिरफ्तार शातिरों से पूछताछ कर बाइक चोरी और गिरोह के बारे में अन्य जानकारी ली जा रही है। टीम में नगर थाने के दारोगा विजय कुमार सिंह, पीएसआई आलोक कुमार और अभिषेक कुमार के अलावे डीआईयू के अधिकारी शामिल थे।

The News
The News
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular