Mrs. India Apoorva Verma: मुख्य अतिथि श्रीमती अपूर्वा वर्मा का बुके देकर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया
- हाइलाइट:Mrs. India Apoorva Verma
- कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन नवनिर्वाचित मिसेज इंडिया श्रीमती अपूर्वा वर्मा ने किया
- समाजसेविका स्व. सावित्री देवी की 39 वीं पुण्यतिथि, शरबत एवं फूड पैकेट का वितरण
आरा शहर के आनंद हॉस्पिटल में शनिवार को समाजसेविका स्व. सावित्री देवी की 39वीं पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा और सेवाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जन-कल्याण के कार्यों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक फिजिशियन डॉ. के.एन. सिन्हा ने अपनी माता के परोपकारी आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज के वंचित वर्गों की सहायता के लिए विशेष पहल की।
पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में उमस भरी गर्मी से आम जनमानस को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से शरबत का वितरण किया गया। यह पुनीत कार्य सनातनी गंगा फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ। इसी क्रम में, शाम के समय रमना मैदान स्थित हनुमान मंदिर के समीप और आसपास के स्लम क्षेत्रों में निवास करने वाले जरूरतमंदों एवं बच्चों के बीच फूड पैकेट वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान बिखरी।
Mrs. India Apoorva Verma: आरा में मिसेज इंडिया अपूर्वा वर्मा का स्वागत
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन नवनिर्वाचित मिसेज इंडिया श्रीमती अपूर्वा वर्मा के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर सनातनी गंगा फाउंडेशन के भोजपुर जिला संयोजक डॉ. संदीप कुमार ने विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती अपूर्वा वर्मा का बुके देकर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. के.एन. सिन्हा ने अपनी माता स्व. सावित्री देवी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक धर्मपरायण और आध्यात्मिक विचारधारा वाली महिला थीं। उन्होंने नवानगर, बिक्रमगंज और गच्छई गांव में अनेक धार्मिक स्थलों का कायाकल्प और सौंदर्यीकरण करवाया। समाज सेवा के प्रति समर्पित रहते हुए उन्होंने कई मंदिरों का निर्माण कराया, जल संकट को दूर करने के लिए चापाकल लगवाए और प्राचीन कुओं का जीर्णोद्धार करवाया।
इस श्रद्धांजलि सभा में समाज के गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। महिला कॉलेज की पूर्व प्राचार्या प्रो. कमल सिंह, नेमीचंद स्कूल की पूर्व प्राचार्या कंचन सिंह, कुंवर सिंह विजयोत्सव के आयोजक निर्मल सिंह और मगध ग्रामीण बैंक के पूर्व मैनेजर सुमन कुमार सिन्हा ने स्व. सावित्री देवी के जीवनवृत्त पर चर्चा करते हुए उन्हें नमन किया और उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सनातनी गंगा फाउंडेशन के भोजपुर संयोजक डॉ. संदीप कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में शशि कुमार, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार, शशिकांत, जयप्रकाश, राजू कुमार, विनोद कुमार, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, अजीत कुमार, पत्रकार नरेंद्र सिंह, मीडिया कर्मी संजय श्रीवास्तव, धर्मेंद्र कुमार, विक्की सिंह और निक्की कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


