Medicon Hospital Arrah: आरा के मेडिकॉन हॉस्पिटल में जटिल सर्जरी: मरीज के हाथ से निकाला गया एक किलो का ट्यूमर
- हाइलाइट: Medicon Hospital Arrah
- हाथ में एक किलो के ट्यूमर का ऑपरेशन कर मरीज की बचाई गई जान
- चिकित्सक डॉ. सूर्यकांत निराला ने सफलतापूर्वक किया ऑपरेशन
- शहर के महावीर टोला स्थित मेडिकाॅन अस्पताल में हुआ ऑपरेशन
27 मई, आरा-भोजपुर। चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में आरा शहर ने एक बार फिर अपनी बेहतरीन उपलब्धियों को सिद्ध किया है। आरा के महावीर टोला रोड स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल में एक ऐसी ही अत्यंत जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसने एक मरीज को एक नई जिंदगी दी है।
चिकित्सक डॉ. सूर्यकांत निराला ने बताया कि सहार थाना क्षेत्र के कोरनडिहरी गांव निवासी 50 वर्षीय जगन्नाथ पासवान पिछले काफी समय से अपने बाएं हाथ में मौजूद एक बड़े ट्यूमर से बेहद परेशान थे। यह ट्यूमर लगभग एक किलो वजन का था, जिसके कारण उन्हें न केवल शारीरिक पीड़ा हो रही थी, बल्कि उनका दैनिक जीवन भी पूरी तरह प्रभावित हो गया था। अपने इलाज के लिए वे आरा से लेकर दानापुर, पटना और वाराणसी तक कई बड़े अस्पतालों के चक्कर काट चुके थे। हर जगह उन्हें निराशा ही हाथ लगी, क्योंकि अधिकांश चिकित्सकों ने हाथ को बचाने में असमर्थता जताते हुए उसे काटने की सलाह दी थी।
Medicon Hospital Arrah: डॉ. निराला ने मरीज और उनके परिजनों को दिया भरोसा
निराशा के इस दौर में जगन्नाथ पासवान आरा स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल पहुंचे। यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सूर्यकांत निराला ने मरीज की स्थिति का गहन परीक्षण किया। डॉ. निराला ने मरीज और उनके परिजनों को हाथ को सुरक्षित रखते हुए जटिल ऑपरेशन करने का भरोसा दिलाया। डॉक्टर की इस सकारात्मक सोच और विशेषज्ञता पर भरोसा जताते हुए मरीज ने सर्जरी के लिए अपनी सहमति दी।
ट्यूमर को बायोप्सी जांच के लिए भेजा गया
मंगलवार को डॉ. सूर्यकांत निराला के नेतृत्व में एक टीम ने इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। सर्जरी के दौरान मरीज के हाथ से एक किलो का ट्यूमर पूरी तरह निकाल दिया गया। राहत की बात यह है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की उंगलियां सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं, जो इस सर्जरी की बड़ी सफलता को दर्शाता है। चिकित्सक ने बताया कि निकाले गए ट्यूमर को बायोप्सी जांच के लिए भेज दिया गया है ताकि रोग की प्रकृति को पूरी तरह समझा जा सके।
आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भी इलाज की सुविधा उपलब्ध
इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए मेडिकॉन हॉस्पिटल के डायरेक्टर बादल विराट ने कहा कि हमारे अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कई प्रकार की जटिल सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए यहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भी इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है, ताकि जरूरतमंदों को उच्च स्तरीय चिकित्सा मिल सके।

