Homeराजनीतसरकार के खिलाफ भोजपुर जिले के सभी प्रखंडों में राजद ने दिया...

सरकार के खिलाफ भोजपुर जिले के सभी प्रखंडों में राजद ने दिया धरना

महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध भोजपुर में राजद का हल्ला बोल

RJD Protest All Blocks: भोजपुर जिले के सभी प्रखंडों में राजद के कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

  • हाइलाइट: RJD Protest All Blocks
  • महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध भोजपुर में राजद का हल्ला बोल
  • राजद के शीर्ष नेताओं की सुरक्षा में कटौती और आवास के मुद्दे को लेकर भी घेरा

आरा। देश और प्रदेश में वर्तमान समय में आम जनता जिन विकट परिस्थितियों का सामना कर रही है, उसके खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल ने अपनी आवाज मुखर कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को भोजपुर जिले के सभी प्रखंडों में राजद के कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने आज मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और खाद्य पदार्थों की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी के बजट को पूरी तरह असंतुलित कर दिया है। दूसरी ओर, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का अभाव एक गंभीर समस्या बन चुका है। धरना-प्रदर्शन के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने सरकार को घेरा और मांग की कि इन ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।

RJD Protest All Blocks : एनडीए सरकार की कड़ी आलोचना

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में की गई कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी ने इसे राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित कदम बताते हुए सरकार की कड़ी आलोचना की। साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री के आवास को लेकर सरकार द्वारा अपनाए जा रहे रवैये को भी निंदनीय करार दिया गया। राजद नेताओं का मानना है कि सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

भीषण गर्मी के बावजूद भोजपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित इन कार्यक्रमों में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम जनमानस शामिल हुए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय जनता दल जनता के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। जब तक सरकार महंगाई व बेरोजगारी पर लगाम नहीं लगाती, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

प्रखंडों में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन

मदन यादव की अध्यक्षता में आरा में धरना: केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आह्वान पर मंगलवार को आरा प्रखंड कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मदन यादव ने किया। मौके पर जिलाध्यक्ष बीरबल यादव, जिला महासचिव रामबाबू पासवान, जिला परिषद भीम यादव सहित अन्य ने धरना की सभा को संबोधित किया। धरना-प्रदर्शन के समापन पर राजद नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय प्रशासन को मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की।

जयराम यादव की अध्यक्षता में बड़हरा में धरना: बड़हरा विस क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रामबाबू सिंह, मनोज सिंह, रघुपति यादव और अन्य थे। मनोज सिंह ने बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, गैस की किल्लत एवं कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये।

संदेश प्रखंड मुख्यालय पर अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष सुद्धेश्वर यादव ने की और संचालन विकास कुमार सिंह ने किया। धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विजयेन्द्र यादव ने एनडीए सरकार की नाकामियों को गिनाया। संबोधित करने वालों में मुख्य रूप से संदेश के पूर्व राजद प्रत्याशी दीपू राणावत यादव, पूर्व जिला परिषद् सदस्य अजमंजस यादव, बिनोद यादव, मो. असलम एजाज, मो. समिम, रविनाथ राम, शिवजी यादव सहीत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

जगदीशपुर में अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष भोला खान ने की, जबकि संचालन अनिल सिंह ने किया। पूर्व विधायक राम विशुन सिंह लोहिया, भाई दिनेश, पूर्व प्रत्याशी किशोर कुणाल, अजय यादव (जिलाध्यक्ष, किसान प्रकोष्ठ, रेणु देवी (पूर्व जिला परिषद सदस्य), देव सुंदर यादव व अन्य थे।

गड़हनी, पीरो और चरपोखरी में धरना

गड़हनी प्रखंड मुख्यालय परिसर में अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मो सोनू उर्फ निक्कू ने की और संचालन महासचिव योगेन्द्र कुशवाहा ने किया। मौके पर वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव, शेषनाथ सिंह, अमरजीत व्यास, श्रीनिवास यादव, देवेन्द्र यादव, बबन मंडल, भिखारी राम, मनोरंजन यादव, उमाशंकर सिंह, पिन्टू यादव, रोहित यादव, अरुण कुमार यादव, मुन्ना यादव, साइद अंसारी, संतोष शर्मा, सुरेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव, रंजन चौधरी, सुशील चौधरी समेत अन्य थे।

पीरो में अध्यक्षता मदन यादव ने की और संचालन बरांव पंचायत के मुखिया भाई श्रीराम सिंह यादव ने किया। मौके पर मौजूद सुनील कुमार, विजय यादव, गणेश राम, चिंता देवी, संजय सिंह, सुशील कुमार, गणेश पासवान, कामेश्वर यादव और पिंटु यादव ने सरकार पर जमकर हमला बोला।

चरपोखरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता राजद के प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने की। प्रमुख रामचंद्र सिंह यादव, आरती देवी,चंद्रमा राम, राम अवधेश सिंह, कृष्णा सिंह सहित अन्य राजद नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उदवंतनगर, बिहिया और शाहपुर में भी धरना

उदवंतनगर में राजद के प्रखंड अध्यक्ष चंद्रभूषण यादव ने अध्यक्षता की। मौके पर रामबचन सिंह, पूर्व प्रत्याशी दीपू राणावत, श्याम नरायण यादव, राजेश यादव, श्याम नंदन यादव, गजाधर यादव सहित अन्य वरिय नेता मौजूद थे।

बिहिया में अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सियाराम यादव ने किया, मौके पर उप प्रमुख मुकेश यादव, मुराद हुसैन, मुखिया प्रतिनिधि सुरेन्द्र यादव सहित अन्य थे.

शाहपुर में अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष शिवपरसन यादव ने की। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करने वालो में पूर्व प्रवक्ता मुना पांडेय, युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष भाई बरमेश्वर,हरिश्चंद्र यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि लालू यादव, मुखिया बलिराम यादव, मुखिया बीरबल सिंह, राजेन्द्र मिश्र,बिहारी यादव, जीतेन्द्र चौबे, बृज किशोर पांडेय, पपलु सिंह सहित अन्य थे।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Mother Aranya Devi - Ara
Mother Aranya Devi - Ara

Most Popular