New Kendriya Vidyalaya Ara: आरा सदर अंचल के धनुपरा मौजा स्थित 5 एकड़ गैरमजरुआ भूमि पर नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त।
- हाइलाइट: New Kendriya Vidyalaya Ara
- केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य शहनवाज अहमद ने की जिला प्रशासन के प्रति प्रसन्नता व्यक्त
आरा। भोजपुर जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नए केंद्रीय विद्यालय के निर्माण हेतु प्रस्तावित 5 एकड़ सरकारी भूमि का निबंधन (रजिस्ट्रेशन) बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इससे जिले में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग और अधिक प्रशस्त हो गया है।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा आरा सदर अंचल के धनुपरा मौजा स्थित 5 एकड़ गैरमजरुआ मालिक भूमि को नए केंद्रीय विद्यालय के निर्माण हेतु केंद्रीय विद्यालय संगठन (शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) के पक्ष में 30 वर्षों की लीज पर टोकन मूल्य ₹1 पर बंदोबस्त किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद आज भूमि का विधिवत निबंधन भी पूरा कर लिया गया।
निबंधन प्रक्रिया पूर्ण होने पर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य शहनवाज अहमद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग, मार्गदर्शन एवं विशेष पहल से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
भूमि निबंधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नए केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है, जिससे भोजपुर जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण केंद्रीय शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।




