Pidiya painting: भारतीय रिज़र्व बैंक, पटना द्वारा आरा, भोजपुर में पिड़िया पेंटिंग से जुड़े समूहों हेतु वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
- हाइलाइट: Pidiya painting
- भारतीय रिज़र्व बैंक पटना द्वारा आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
आरा। भारतीय रिज़र्व बैंक, पटना द्वारा आरा, भोजपुर में पिड़िया पेंटिंग से जुड़े समूहों हेतु वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आरबीआई के अधिकारी ने ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति एवं सरल उदाहरणों के माध्यम से विभिन्न बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं तथा सुरक्षित वित्तीय व्यवहार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
महिलाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधाओं, ऋण पर ब्याज से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं तथा समय पर ऋण चुकाने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों को बताया गया कि समय पर ऋण की अदायगी करने से उनकी क्रेडिट हिस्ट्री बेहतर होती है, भविष्य में ऋण प्राप्त करने में सुविधा होती है तथा वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा मिलता है। इसके अतिरिक्त बैंक खातों में नामांकन का महत्व, केवाईसी को समय-समय पर अद्यतन रखने की आवश्यकता, बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट अकाउंट की विशेषताएँ तथा खाताधारक की मृत्यु की स्थिति में डेथ क्लेम की प्रक्रिया से संबन्धित उपयोगी जानकारी भी साझा की गई।
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर वित्तीय अपराधों को देखते हुए प्रतिभागियों को मनी म्यूल डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन बैंकिंग एवं यूपीआई धोखाधड़ी सहित विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि एटीएम/डेबिट कार्ड का पिन, ओटीपी, सीवीवी अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन, संदेश अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से मांगी गई बैंकिंग जानकारी कभी साझा न करें।
साथ ही साइबर ठगों की पहचान करने के तरीके, उनके द्वारा अपनाए जाने वाले सामान्य हथकंडों तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को आरबीआई की रिज़र्व बैंक एकीकृत लोकपाल योजना के प्रमुख प्रावधानों तथा बैंकिंग शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
उन्हें नेशनल साइबरक्राइम रिपोर्टिंग के टोल-फ्री नंबर-1930 और पोर्टल cybercrime.gov.in के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि उनके अकाउंट में कोई धोखाधड़ी होने पर वे इनका इस्तेमाल कर सकें। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।

