Cobra – Sinha Thana: भोजपुर के सिन्हा थाना परिसर में आधी रात कोबरा सांप मिलने से मची अफरा-तफरी, जवान के साहस से टला बड़ा खतरा
- हाइलाइट:
- आधी रात को अचानक सामने आए इस मेहमान ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों की नींद उड़ा दी
- वन विभाग की टीम ने सांप को जंगल में ले जाकर छोड़ दिया, पुलिसकर्मियों ने ली राहत की सांस
आरा। भोजपुर जिले के सिन्हा थाना परिसर में शनिवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक विषैला कोबरा सांप देखा गया। आधी रात को अचानक सामने आए इस मेहमान ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों की नींद उड़ा दी और थाने में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
Cobra – Sinha Thana : रात के समय कोबरा सांप को देखते ही हड़कंप मच गया
रात के करीब 2:45 बजे थाना परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक कोबरा सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। सांप का आकार काफी बड़ा और विषैला था, जिसे देखते ही थाने में मौजूद पुलिस पदाधिकारी और जवानों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुट गए।
इस दौरान, थाने में तैनात पुलिसकर्मी विशम्भरनाथ सिंह ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। बिना घबराए उन्होंने बहुत सावधानी से उस कोबरा को काबू में किया और सुरक्षित रूप से एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया। पुलिसकर्मी की इस तत्परता से एक बड़ा संभावित खतरा टल गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई ताकि सांप को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
रविवार की सुबह वन विभाग द्वारा अधिकृत स्नेक सेवर रंजन कुमार सिन्हा थाना पहुंचे। उन्होंने प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कोबरा का सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित झोली में रखा। इसके पश्चात, वन विभाग की टीम ने उस विषैले सांप को रिहायशी और आबादी वाले क्षेत्रों से काफी दूर ले जाकर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। तब पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।















