Water Tower Bihiya: भोजपुर जिले के बिहिया नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। प्रखंड परिसर में नए भवन के लिए जेसीबी से नींव की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान भूमिगत बिछी मोटी पाइपलाइन मशीन की चपेट में आ गई।
- हाइलाइट: Water Tower Bihiya
- प्रखंड कार्यालय के निर्माण में जेसीबी से कटी PHED की मेन पाइपलाइन
- बिहिया नगर में पेयजलापूर्ति ठप, एक सप्ताह से बूंद-बूंद को तरस रहे लोग
- ठीकेदार की लापरवाही के कारण पानी का सप्लाई नगर में ठप
आरा। जिले के बिहिया नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। प्रखंड कार्यालय परिसर में चल रहे नए भवन निर्माण के दौरान PHED की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से पिछले सात दिनों से नगर के अधिकांश वार्डों में नल-जल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। भीषण गर्मी में पानी नहीं मिलने से आम लोगों में त्राहिमाम मचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रखंड परिसर में नए भवन के लिए जेसीबी से नींव की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान भूमिगत बिछी मोटी पाइपलाइन मशीन की चपेट में आ गई। पाइप उखड़ने से नगर में जलापूर्ति करने वाले मुख्य पंप का कनेक्शन टूट गया जिससे नगर के कई वार्डों में पेयजलापूर्ति ठप हो गयी।
जानकारी के अनुसार प्रखंड परिषर में नये भवन निर्माण के लिए किए जा रहे मिट्टी खुदाई में लापरवाही के कारण जेसीबी से मेन सप्लाई का ज्वाइंट कट गया। पीएचडी विभाग के द्वारा कार्य कर रहे मजदूरों को व ठीकेदार को जानकारी देने के बाद भी लापरवाही से कार्य करवा रहे है। जिसे नगर के आम लोगो को भारी परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि यह जल मीनार पहले लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के अधीन था, जिसे हाल ही में नगर पंचायत को हस्तांतरित किया गया है। ऐसे में इसके रखरखाव की जिम्मेदारी अब नगर पंचायत की है।
रविवार को मौके पर वैकल्पिक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू देखा गया।कार्य करा रहे संवेदक के अनुसार पाइप को जोड़ने के लिए आवश्यक एल-टाइप ज्वाइंटर बाजार में उपलब्ध नहीं होने के कारण मरम्मत में देरी हुई।अब दूसरे रूट से नई पाइप बिछाई जा रही है और एक से दो दिन में आपूर्ति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक सप्ताह से पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहना बेहद तकलीफदेह है। लोगों को सार्वजनिक चापाकलों या आस पड़ोस के निजी बोरिंग वाले लोगों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से अविलंब जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।

