Homeआरा भोजपुरशाहपुरसावन की अंतिम सोमवारी पर आज शाहपुर में श्रावणी मेला

सावन की अंतिम सोमवारी पर आज शाहपुर में श्रावणी मेला

Shravani Mela Shahpur: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड-10 में स्थित शिवाला पर भी विशेष रौनक, यहाँ आज के दिन भव्य मेले का आयोजन।

  • हाइलाइट: Shravani Mela Shahpur
  • शाहपुर नगर के पूर्व स्थित शिवाला पर आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का लगा तांता

आरा। हिंदू धर्म में सावन का महीना अत्यंत पवित्र और फलदायी माना गया है। इस पूरे मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। सावन की अंतिम सोमवारी का अपना एक विशिष्ट आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व होता है। आज सावन के अंतिम सोमवार को देश भर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है और हर ओर हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गुंजायमान है।

इसी क्रम में, बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड-10 में स्थित शिवाला पर भी विशेष रौनक देखने को मिल रही है। सदियों पुरानी परंपरा को निभाते हुए यहाँ आज के दिन भव्य मेले का आयोजन किया गया है। एनएच-84 के समीप स्थित यह शिवालय न केवल अपनी धार्मिक महत्ता के लिए जाना जाता है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है।

Shravani Mela Shahpur : मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी…

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहपुर के पूर्व स्थित शिवाला पर आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए भक्त शिवलिंग पर गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और दूध अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। सदियों से चली आ रही इस परंपरा के निर्वहन हेतु स्थानीय ग्रामीणों और समिति के सदस्यों द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मेला परिसर में विभिन्न प्रकार की दुकानें और धार्मिक अनुष्ठान लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन के अंतिम सोमवार को महादेव की विधिवत पूजा करने से भक्तों के सभी कष्ट दूर होते हैं और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। शाहपुर का यह मेला न केवल श्रद्धा का केंद्र है, बल्कि यह आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को भी बढ़ावा देने का कार्य करता है। एनएच-84 पर स्थित होने के कारण यहाँ आवागमन सुलभ है, जिससे निकट के प्राचीन कुंडवा शिव मंदिर एवं ब्रह्मपुर के बाबा ब्रह्ममेश्वरनाथ पूजा करने जानेवाले श्रद्धालुओं के साथ साथ आसपास के दर्जनों गांवों के लोग बड़ी संख्या में सम्मिलित होते हैं।

महादेव को प्रसन्न करने के विशेष उपाय

सावन का अंतिम सोमवार शिव भक्तों के लिए यह दिन बेहद खास और फलदायी माना जाता है, क्योंकि इसके बाद महादेव की सावन मास की विशेष कृपा पाने के लिए अगले वर्ष तक का लंबा इंतजार करना पड़ेगा। इस अंतिम सोमवारी पर कुछ विशेष उपाय किए जा सकते हैं।

धन लाभ और आर्थिक समृद्धि के लिए करें ये उपाय: यदि आप जीवन में आर्थिक परेशानियों से राहत और धन-समृद्धि की कामना कर रहे हैं, तो भगवान शिव को गन्ने का रस अर्पित करने की धार्मिक मान्यता है। इसके बाद शिवलिंग पर शुद्ध जल चढ़ाकर ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें। शास्त्रों के अनुसार इस पवित्र दिन ऐसा करने से देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

विवाह के लिए शिवलिंग पर चढ़ाएं दूध: यदि आपके विवाह में अनचाही देरी हो रही है या मनचाहा जीवनसाथी पाने की इच्छा है, तो सावन के आखिरी सोमवार को शिवलिंग पर दूध से अभिषेक करने की परंपरा है। अविवाहित महिलाएं विशेष रूप से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। धार्मिक मान्यता है कि भक्ति और श्रद्धापूर्वक यह उपाय करने से विवाह संबंधी सभी बाधाएं दूर होती हैं और मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular