Shri Krishna Janmashtami: बिहिया की यह शोभायात्रा न केवल भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि इसने समाज में प्रेम, शांति और एकता का संदेश भी प्रसारित किया।
- हाइलाइट: Shri Krishna Janmashtami
- भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकी बिहियावासियों के हृदय में बसी
आरा। बिहिया नगर पंचायत में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शोभायात्रा समिति द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा ने न केवल भक्तों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि शहर को भक्ति के रंगों में सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ डाक बंगला चौराहा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मंदिर से निकलकर जैसे ही यह काफिला मुख्य मार्गों पर पहुंचा, पूरा शहर ‘जय श्रीकृष्ण’ के नारों से गूंज उठा। शोभायात्रा का दृश्य अत्यंत मनमोहक था। सबसे आगे बाइक सवार कृष्ण भक्तों का समूह चल रहा था, जिसके पीछे दर्जनों सजे-धजे घोड़ों की टुकड़ी मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रही।

श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। हाथों में पीले ध्वज और राष्ट्रीय ध्वज लिए भक्त भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। शोभायात्रा में शामिल रथ पर सजी भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकी ने सड़क किनारे खड़े लोगों का मन मोह लिया। यह शोभायात्रा डाक बंगला मोड़ से प्रारंभ होकर साहेब टोला, नगर पंचायत कार्यालय, ब्लॉक रोड, सब्जी मंडी, राजा बाजार चौक, ओवरब्रिज, मेला रोड, महावीर मंदिर और स्टेशन रोड होते हुए वापस राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची। करीब एक किलोमीटर लंबी इस यात्रा में भक्ति का अद्भुत ज्वार देखने को मिला।
Shri Krishna Janmashtami : सुरक्षा और व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता बिहिया की गंगा-जमुनी तहजीब रही। शोभायात्रा में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न समुदायों के लोगों का एक साथ मिलकर इस उत्सव में शामिल होना सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का एक सशक्त संदेश देता है।
सुरक्षा और व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बिहिया थानाध्यक्ष सुन्देश्वर कुमार दास, सर्किल इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, आरओ राधेश्याम चौधरी और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ ही सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त, किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी शोभायात्रा के साथ निरंतर चल रही थी।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष बसंत यादव, मुन्ना यादव, संयोजक गोविंद यादव, कृष्ण गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, लखन सिंह, धीरज यादव, लड्डू यादव, पप्पू यादव, दीपक, सुनील, मनोज यादव, उप प्रमुख मुकेश यादव, मुराद हुसैन, अरमान अंसारी, ललन यादव, मंटू यादव, बिरेन्द्र यादव, सचितानंद यादव, मनोज यादव और रितिक रोशन सहित समस्त समिति सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया।

