Tieer village: भोजपुर जिले के तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव में शुक्रवार की सुबह महज दो सौ रुपये के विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
- हाइलाइट: Tieer village
- दो सौ रुपए के विवाद में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पत्नीहंता पति को किया गिरफ्तार
आरा। जिले के तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव में शुक्रवार की सुबह महज दो सौ रुपये के विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना पाकर स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मृतका तीयर थाना क्षेत्र के तीयर गांव वार्ड नंबर-7 निवासी संतोष राम की 29 वर्षीया पत्नी सोनी देवी है।
Tieer village: बेटे पर लगाया बहू की हत्या करने का आरोप
इधर, मृतका के ससुर रामाधार राम ने बताया कि गुरुवार की रात वह पलदारी करके घर आया तो, उसने अपनी पत्नी को तीस रुपये दिया। जिस पर उसकी पत्नी ने कहा कि एक सौ तीस रुपये मिला है और तीस रूपये दे रहे हो। इस बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। हालांकि रात में बात खत्म हो गई थी। इसके बाद वह बिना खाना खाये वह छत पर सो गया और उसकी पत्नी नीचे सो गई।
शुक्रवार की सुबह उठने के बाद वह बोलने लगा कि मेरे पॉकेट से दो सौ रुपये उसने निकाल लिया है। तब उन्होंने कहा कि तुम ऊपर सोया था और वह नीचे सोई थी, तो उसने तुम्हारा पैसा कब निकला। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। तब उन्होंने दोनों के बीच झगड़ा सुलझा दिया और बाहर चले गए।
कुछ देर बाद जब वह वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी बहू अपने कमरे में लगे बांस के खंभे से गले में फंदा लगाकर लटकी हुई है। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। वहीं दूसरी तरफ मृतका के ससुर रामाधार राम ने अपने बेटे संतोष राम पर ही अपनी बहू की हत्या करने का आरोप लगाया है।
इधर, पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक की मौत मारपीट करने के कारण होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इस संबंध में तीयर थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि पति द्वारा मामूली विवाद को लेकर मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपित पति संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

