Jaipal Pipra: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जयपाल पिपरा गांव की घटना; स्थानीय लोगों की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लापता युवक के घर मचा कोहराम
- हाइलाइट: Jaipal Pipra
- बड़की पुल के पास बाढ़ के पानी में हादसा, युवक की तलाश में SDRF का सर्च अभियान जारी
आरा। भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जयपाल पिपरा गांव के बड़की पुल के समीप गुरुवार की शाम बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। हादसे के समय उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवक भी पानी में डूबने लगे थे, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद से 21 वर्षीय मोहित पासवान लापता है। उसकी तलाश के लिए SDRF की टीम ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन गुरुवार देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
Jaipal Pipra : 21 वर्षीय मोहित पासवान अब भी लापता
लापता युवक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के जवाहर टोला निवासी धर्मेंद्र पासवान के 21 वर्षीय पुत्र मोहित पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहित पासवान अपने तीन दोस्तों के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जयपाल पिपरा गांव स्थित बड़की पुल के समीप बाढ़ के पानी में नहाने गया था।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अचानक चारों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई। स्थानीय लोगों के प्रयास से तीन युवकों को किसी तरह पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन मोहित पासवान तेज बहाव और गहराई के कारण पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी। इसके बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश में अभियान शुरू किया। टीम ने बड़की पुल के आसपास और बाढ़ प्रभावित जलक्षेत्र में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक मोहित का पता नहीं चल पाया। युवक के लापता होने के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।










