Shanti Nagar Garhani आरा। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के बनास नदी में शनिवार को डूबे दो मासूम बच्चों के शव घटना के तीसरे दिन सोमवार की शाम बरामद कर लिए गए। इन शवों के मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान गड़हनी नगर पंचायत के शांति नगर वार्ड नंबर-2 निवासी चंदन केसरी के 7 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार और इसी मोहल्ले के रविंद्र केसरी उर्फ मैनी के 10 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है। बता दें कि यह दर्दनाक हादसा शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे हुआ था, जब दोनों बच्चे अपने चार अन्य दोस्तों के साथ शांति नगर के सामने बनास नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में दोनों बच्चे बह गए, जबकि मौके पर मौजूद अन्य चार बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
Shanti Nagar Garhani : दोनों बच्चों के शव रामडीहरा गांव के पास बनास नदी से बरामद किए गए
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और राहत दल हरकत में आया। पिछले तीन दिनों से लगातार एसडीआरएफ की टीम द्वारा नाव के माध्यम से गड़हनी के शांति नगर से लेकर भेड़री तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा था, परंतु शुरुआती दिनों में कोई सफलता हाथ नहीं लगी। अंततः सोमवार की शाम स्थानीय गोताखोरों और सतर्क ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से दोनों बच्चों के शव रामडीहरा गांव के पास बनास नदी से बरामद किए गए।
शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। बच्चों की इस अचानक हुई मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।










