CMO Stenographer FIR: जमुई छात्रा कांड में नया मोड़, CMO के स्टेनोग्राफर पर FIR; पीड़िता की तस्वीर पोस्ट करने का आरोप, दर्ज हुई प्राथमिकी
- हाइलाइट: CMO Stenographer FIR
- मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट हुई थी तस्वीर
- पुलिस ने CMO के स्टेनोग्राफर को बनाया आरोपी, FIR
- राजद सांसद मीसा भारती भी सचिवालय थाना पहुंची थी
पटना: जमुई छात्रा छेड़खानी कांड से जुड़े मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। नाबालिग पीड़िता छात्रा और उसके परिवार की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के आरोप में मुख्यमंत्री कार्यालय के एक स्टेनोग्राफर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत की है।
आरोप है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जमुई की छेड़खानी पीड़िता छात्रा और उसके परिवार के साथ मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट की गई थीं। हालांकि, पोस्ट किए जाने के कुछ समय बाद ही तस्वीरों को सोशल मीडिया हैंडल से हटा दिया गया। तस्वीरों के सार्वजनिक होने को लेकर विपक्ष ने सरकार और मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए थे।
मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय के स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद को नामजद किया गया है। आरोप है कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल का संचालन करने वाले सागर प्रसाद ने ही तस्वीरें पोस्ट की थीं। मामले की जांच अब पुलिस कर रही है।
CMO Stenographer FIR: POCSO एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
सचिवालय थाने में दर्ज FIR के अनुसार, आरोपी स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 23, भारतीय न्याय संहिता की धारा 73 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(e) तथा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस आवेदन में लिखा गया है कि तस्वीरें पोस्ट किए जाने से छेड़खानी पीड़ित नाबालिग छात्रा की निजता और गरिमा प्रभावित हुई और उसकी पहचान उजागर होने की स्थिति बन गई।
मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट हुई थी तस्वीर
मामले के अनुसार, जमुई छात्रा छेड़खानी कांड की पीड़िता और उसके परिवार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। इसी मुलाकात से संबंधित तस्वीरें मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट की गईं।
पोस्ट में मुख्यमंत्री को पीड़िता छात्रा और उसके परिवार के साथ देखा गया था। सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद इसको लेकर सवाल उठने लगे। विवाद बढ़ने के बाद पोस्ट को हटा दिया गया। इसी मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार पर हमला बोला। विपक्ष का कहना था कि नाबालिग पीड़िता की पहचान से जुड़े संवेदनशील मामले में सावधानी बरती जानी चाहिए थी।
आवेदन लेकर सचिवालय थाने पहुंची थी सांसद मीसा भारती
इस मामले को लेकर पाटलिपुत्र की सांसद और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती शुक्रवार देर शाम सचिवालय थाने पहुंचीं थी। उनके साथ पार्टी के कुछ समर्थक भी मौजूद थे। मीसा भारती ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की, लेकिन उनके आवेदन पर कारवाई नहीं की गई। मीसा भारती का कहना था कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करना कानून का उल्लंघन है।
पुलिस ने स्टेनोग्राफर को बनाया आरोपी
विपक्ष की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की जा रही थी। हालांकि, पुलिस ने मामले में मुख्यमंत्री को नामजद करने के बजाय मुख्यमंत्री कार्यालय के स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। FIR में सागर प्रसाद पर मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से तस्वीरें पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
तस्वीरों को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि नाबालिग पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करना गंभीर मामला है। तेजस्वी यादव ने इस मामले को कानूनी स्तर पर ले जाने की चेतावनी भी दी थी।
राजद का कहना है कि पॉक्सो कानून के तहत नाबालिग पीड़ितों की पहचान की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से तस्वीरें पोस्ट किए जाने के कारण पीड़िता की पहचान सार्वजनिक होने का खतरा पैदा हुआ।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जमुई में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया था। इस मामले के बाद पीड़िता और उसके परिवार की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात हुई थी। मुलाकात के दौरान खींची गई तस्वीरें मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से साझा किए जाने का आरोप है।
तस्वीरें सामने आने के बाद विपक्ष ने सवाल उठाया कि नाबालिग पीड़िता की पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक कैसे की गई। विवाद बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट को हटा दिया गया। इसी मामले में मीसा भारती सचिवालय थाना मुख्यमंत्री के खिलाफ शिकायत आवेदन लेकर पहुंची थी। लेकिन, इससे पहले पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज कर ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।











