Nahsi village: भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव में गुरुवार को लोन रिकवरी करने गए निजी कंपनी के एरिया मैनेजर पर कथित रूप से फायरिंग कर दी गई।
- हाइलाइट: Nahsi village
- मैनेजर के आवेदन पर तीन पर नामजद प्राथमिकी दर्ज
- फायरिंग के बाद पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन में जुटी
- गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव में गुरुवार की घटना
आरा/गड़हनी। जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव में गुरुवार को लोन रिकवरी करने गए निजी कंपनी के एरिया मैनेजर पर कथित रूप से फायरिंग कर दी गई। हालांकि फायरिंग के दौरान एरिया मैनेजर बाल-बाल बच गए। इस दौरान दो राउंड फायरिंग करने की बात सामने आ रही है। सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार एरिया मैनेजर आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के रामनगर उषा रंजन आवास निवासी स्व. अनिल कुमार का पुत्र आकृत रंजन है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को वह लोन रिकवरी करने के सिलसिले में नहसी गांव गए थे। इस दौरान उनके साथ विवाद हो गया और उन पर फायरिंग कर दी गई। इस संबंध में चोला मंडलम के एरिया मैनेजर आकृत रंजन द्वारा गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव निवासी स्व. लालजी सिंह के पुत्र अनिल सिंह, पुत्र विशाल सिंह एवं भाई हरेंद्र सिंह के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी में उनके द्वारा कहा गया है कि गुरुवार को शाम करीब पांच बजे वह अपने सहयोगी मनोज कुमार सिंह और राजीव रंजन सिंह के साथ नहसी रेलवे ढाला स्थित रिमझिम लाइन होटल के मालिक अनिल सिंह के पास लोन की किस्त लेने गए थे। अनिल सिंह लोन नहीं देना चाह रहे थे। इसी को लेकर उनके बीच विवाद हो गया और अनिल सिंह द्वारा गाली- गलौज किया जाने लगा।
तभी उनका पुत्र विशाल सिंह और भाई हरेंद्र सिंह भी वहां आ गए और गाली-गलौज करने लगे। इसके पश्चात अनिल सिंह के पुत्र विशाल सिंह के द्वारा कमर से पिस्टल निकाल उन पर तबाडतोड़ फायरिंग कर दी गई। तब वे लोग वहां से जान बचाते हुए होटल से भागे और इसकी सूचना डायल 112 नंबर पुलिस वाहन को दी।
इस संबंध में गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि चोला मंडलम इन्वेस्टमेंट एवं फाइनेंस कंपनी के एरिया मैनेजर लोन रिकवरी करने गए थे। उसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया और फायरिंग कर दी गई। एरिया मैनेजर द्वारा दो राउंड फायरिंग करने की बात बताई जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।











