Seema Kumari Garahni: भोजपुर के गड़हनी में विवाहिता सीमा कुमारी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या व शव गायब करने का आरोप लगाया है।
हाइलाइट्स: Seema Kumari Garahni
भोजपुर के गड़हनी में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया।
मायके वालों ने जहर देकर हत्या करने और शव गायब करने का आरोप लगाया।
पति, देवर और ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज; पुलिस जांच में जुटी।
गड़हनी/आरा। जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के गड़हनी शांति नगर वार्ड नंबर-दो में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके वालों ने विवाहिता के पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देकर हत्या करने और शव को गायब करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूचना मिलने के बाद गड़हनी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान गड़हनी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी मिथिलेश सिंह की पत्नी सीमा कुमारी के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गड़हनी शांति नगर वार्ड नंबर-दो में किराए के मकान में अपने पति और बच्चों के साथ रहती थी।
Seema Kumari Garahni: पति और ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी
इस मामले में अरवल जिले के अरवल नगर थाना क्षेत्र के फतेहपुर संडा गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश सिंह के पुत्र और मृतका के भाई संतोष कुमार सिंह ने गड़हनी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में मृतका के पति मिथिलेश सिंह, देवर अप्पू कुमार, ससुर कृष्णा कुमार सिंह समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बहन सीमा कुमारी की शादी वर्ष 2018 में गड़हनी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी कृष्णा कुमार सिंह के पुत्र मिथिलेश कुमार के साथ हुई थी।
मारपीट की जानकारी देने के बाद मोबाइल हुआ बंद
मृतका के भाई के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब पांच बजे सीमा कुमारी ने फोन कर बताया था कि उसका पति, देवर, ससुर और अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद शाम करीब सात बजे संतोष कुमार सिंह की पत्नी रेणु कुमारी ने सीमा के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
इसके बाद परिजन गुरुवार देर रात सीमा के ससुराल डुमरिया गांव पहुंचे। वहां घर पर कोई नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि ग्रामीणों से उन्हें जानकारी मिली कि ससुराल वालों ने सीमा को जहर देकर मार दिया और शव को ठिकाने लगा दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि मृतका के भाई संतोष कुमार सिंह की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि सीमा कुमारी की दो बेटियां स्वीटी कुमारी और फ्रूटी कुमारी तथा एक बेटा वीरू कुमार है। घटना के बाद मृतका के मायके में मातम पसरा है और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।











