Homeबिहारआराआरा में विजयादशमी की रात वारदात, बाइक सवार दो बदमाशों ने चलाईं...

आरा में विजयादशमी की रात वारदात, बाइक सवार दो बदमाशों ने चलाईं गोलियां

पुराने हत्याकांड के विवाद में होमगार्ड जवान के बेटे पर फायरिंग, गोली लगने से घायल

Maulabagh Ara News: आरा के मौलाबाग में विजयादशमी की रात वारदात, बाइक सवार दो बदमाशों ने चलाईं गोलियां; आदर्श हत्याकांड से जुड़ रहा मामला

Bijay singh
  • हाइलाइट: Maulabagh Ara News
  • आरा नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग में मंगलवार रात फायरिंग।
  • डीके कार्मेल स्कूल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने चलाईं गोलियां।
  • होमगार्ड जवान के बेटे अमरजीत कुमार यादव के कंधे के पास लगी गोली।

आरा। शहर में पुराने हत्याकांड से जुड़े विवाद के बीच एक युवक पर गोलीबारी का मामला सामने आया है। नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग स्थित डीके कार्मेल स्कूल के पास मंगलवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने होमगार्ड जवान के बेटे अमरजीत कुमार यादव (33) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उसके कंधे के पास लगी, जबकि दूसरी गोली सिर के करीब से निकल गई।

घटना के बाद घायल किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।

होटल में खाना खाने जा रहा था युवक

घायल अमरजीत कुमार यादव मौलाबाग वार्ड संख्या 13 निवासी होमगार्ड जवान संजय यादव का पुत्र है। उसके पिता आरा नगर निगम में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं।

अमरजीत के अनुसार, मंगलवार की रात वह बाइक से होटल में खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान डीके कार्मेल स्कूल के समीप स्प्लेंडर बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद वह किसी तरह घटनास्थल से निकलकर घर पहुंचा।

Maulabagh Ara News: आदर्श हत्याकांड से जुड़ रहा हमले का मामला

प्रारंभिक जांच में इस घटना को करीब सात महीने पहले हुए आदर्श कुमार हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। घायल अमरजीत ने पुलिस को बताया कि पुराने मामले के बाद से उसे और उसके भाइयों को धमकियां मिल रही थीं। उसने आशंका जताई कि इसी विवाद के कारण उस पर हमला किया गया।

आदर्श हत्याकांड में अमरजीत और उसके भाई नामजद

जानकारी के अनुसार, 2 मार्च 2026 को मौलाबाग मोहल्ले में बिहिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव निवासी 17 वर्षीय आदर्श कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आदर्श की मां अनुराधा देवी के बयान पर अमरजीत यादव, उसके भाइयों नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव और मंजीत यादव समेत छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया था।

अमरजीत का दावा है कि उसके परिवार का आदर्श की हत्या में कोई हाथ नहीं था और उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। उसका भाई नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव फिलहाल जेल में है।

इंस्टाग्राम ग्रुप कॉलिंग के दौरान हुआ था विवाद

आदर्श हत्याकांड की प्राथमिकी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर ग्रुप कॉलिंग के दौरान आदर्श और नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी। बाद में आदर्श को गोली मारने की घटना सामने आई, जिससे उसकी मौत हो गई।

अब पुराने मामले के करीब सात महीने बाद अमरजीत पर हुई फायरिंग ने इलाके में एक बार फिर तनाव और विवाद को चर्चा में ला दिया है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

jay kumar
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular