Shahpur and Bihiya: जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।
- हाइलाइट: Shahpur and Bihiya
- बिहिया के मुख्य बाजार, प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध कब्जों को हटाया गया
- शाहपुर नगर पंचायत के एनएच-84 मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाने की हुई शुरुआत
आरा, भोजपुर। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शाहपुर और बिहिया नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।
बिहिया नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान बिहिया के मुख्य बाजार, प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर वहां किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया और उन्हें तुरंत प्रभाव से हटाया गया।
Shahpur and Bihiya: शाहपुर एनएच-84 मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाने की हुई शुरुआत
वहीं दूसरी ओर, शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में इस अभियान की शुरुआत व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से की गई। स्वच्छता पदाधिकारी मंजीत अरोड़ा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने एनएच-84 मुख्य सड़क पर अपना ध्यान केंद्रित किया। सड़कों के किनारे किए गए अवैध कब्जों, अस्थायी दुकानों और ठेलों को हटाकर सड़क को सुगम बनाया गया। प्रशासन द्वारा माइक के जरिए की गई मुनादी के बाद भी जो अतिक्रमण नहीं हटाए गए थे, उन्हें टीम द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए हटाया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि पुनः अतिक्रमण किया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध न केवल जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि उन पर सख्त विधिसम्मत कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें और नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान अभी निरंतर जारी रहेंगे। शाहपुर और बिहिया के नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि इससे नगर क्षेत्र की सूरत बदलेगी और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।


