Angad Pandey Shivpur Shahpur: मृतक बुजुर्ग शाहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर वार्ड नंबर-5 निवासी स्व. रामजीत पांडेय के 70 वर्षीय पुत्र अंगद पांडेय है।
- हाइलाइट: Angad Pandey Shivpur Shahpur
- परिजन ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने से मौत होने का लगाया आरोप
- नवादा थाना क्षेत्र के जज कोठी स्थित प्राइवेट अस्पताल में मंगलवार की शाम घटी घटना
आरा। शहर के नवादा थाना क्षेत्र के जज कोठी स्थित प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक बुजुर्ग शाहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर वार्ड नंबर-5 निवासी स्व. रामजीत पांडेय के 70 वर्षीय पुत्र अंगद पांडेय है।
उधर, बुजुर्ग की मौत के बाद उनके परिजनों ने प्राइवेट क्लीनिक में जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ प्राइवेट अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
इधर, मृतक के बेटे रविंद्र पांडेय ने बताया कि वह हर्निया की बीमारी से ग्रसित थे। कुछ दिन पूर्व उन लोगों ने बक्सर में उनका जांच कराया था। मंगलवार की सुबह वह शहर के जज कोठी स्थित प्राइवेट अस्पताल में उन्हें इलाज के लिए लाए थे। जहां डॉक्टर द्वारा देखकर बोला गया कि इनका तत्काल ऑपरेशन करना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आयुष्मान पर अभी ऑपरेशन नहीं हो पाएगा। आप लोगों को ऑपरेशन का पैसा नगद देना होगा।
जिसके बाद परिजनों ने कहा कि ठीक है। लेकिन कोई दिक्कत तो नहीं होगा, तो डॉक्टर द्वारा कहा गया कि नहीं कोई दिक्कत नहीं होगा। इसके बाद बक्सर में कराए जांच के रिपोर्ट के आधार पर ही डॉक्टर द्वारा मंगलवार की सुबह 11 बजे उनका हर्निया का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन करने के करीब दो घंटे बाद ही उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। जिसके बाद डॉक्टर द्वारा उन्हें रेफर कर दिया गया।
जब परिजनों ने देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। जिसके बाद परिजनों ने प्राइवेट क्लीनिक में जमकर हंगामा किया। वहीं दूसरी तरफ मृतक के बेटे रविंद्र पांडेय ने प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने के कारण अपने पिता की मौत होने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाई व दो बहन में तीसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में दो पुत्र रविंद्र पांडेय, विमला पांडेय एवं एक पुत्री विद्यावती देवी है। उसकी पत्नी झलकी देवी की मौत वर्ष 2014 में हो गई थी। घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


