HomeNewsबिहारएवियन इन्फ्लुएंजा (H5N1) को लेकर अलर्ट मोड पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम

एवियन इन्फ्लुएंजा (H5N1) को लेकर अलर्ट मोड पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम

Avian Influenza Virus : एवियन इन्फ्लुएंजा (H5N1) के प्रति जिला प्रशासन सतर्क, जिला जूनोटिक समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा

  • हाइलाइट: Avian Influenza Virus
  • जिले में अब तक पक्षियों की किसी भी प्रकार की असामान्य मृत्यु नहीं
  • जिले के किसी भी व्यक्ति में भी संक्रमण का कोई भी मामला पुष्ट नहीं हुआ है

आरा। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को जिला जूनोटिक समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर समाहर्ता (आपदा) की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य एवियन इन्फ्लुएंजा (H5N1) के संभावित खतरों से निपटने हेतु जिला प्रशासन की तैयारियों और सतर्कता का जायजा लेना था।

राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा जारी हालिया एडवाइजरी के आलोक में आयोजित इस बैठक में जिले की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान यह महत्वपूर्ण तथ्य साझा किया गया कि भोजपुर जिले में अब तक पक्षियों की किसी भी प्रकार की असामान्य मृत्यु अथवा इंसानों में संक्रमण का कोई भी मामला पुष्ट नहीं हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, परंतु एहतियात के तौर पर पूर्ण सतर्कता बरती जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश देते हुए अपर समाहर्ता ने कहा कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (ILI), एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (ARI) तथा सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (SARI) के मामलों की निगरानी सुदृढ़ की जाए। उन्होंने इन मामलों की दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि किसी भी संदिग्ध स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके और त्वरित उपचार सुनिश्चित हो। किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिले की रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) को पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट मोड पर रखा गया है।

पशुपालन विभाग के साथ समन्वय को लेकर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे निगरानी व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करें। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि यदि जिले के किसी भी क्षेत्र में पक्षियों की असामान्य मृत्यु की सूचना मिलती है, तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों और विभाग को दी जाए ताकि प्रोटोकॉल के तहत जांच की जा सके।

बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने आम जनमानस से विशेष अपील की है कि वे इस विषय में फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। जिला प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है और लोक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO), जिला महामारी विशेषज्ञ, पशुपालन विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular