Homeआरा भोजपुरशाहपुरबनाही हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया उद्भेदन

बनाही हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया उद्भेदन

Banahi Murder Case: मां पर गलत निगाह डालने से मना करने पर की गयी छात्र की हत्या, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

  • हाइलाइट: Banahi Murder Case
  • छात्र के दादा की तहरीर पर गांव के तीन अभियुक्तों के खिलाफ दर्ज की गयी प्राथमिकी
  • हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को पुलिस कर रही छापेमारी
  • फोन कर घर से बुलाने के बाद अभियुक्तों ने गोली मारकर की थी छात्र की हत्या

आरा। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही गांव निवासी इंटर के छात्र सुमित कुमार पाण्डेय की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में उद्भेदन कर दिया है। हत्याकांड में शामिल तीनों अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें बनाही गांव निवासी रामा कांत पांडेय के पुत्र अविनाश पांडेय, भरत पांडेय के पुत्र विराज पांडेय और सत्य नारायण पांडेय के पुत्र हरीश पांडेय उर्फ राजधन पांडेय शामिल हैं।

पुलिस की पूछताछ में तीनों द्वारा अपना गुनाह भी कबूल कर लिया गया है। हालांकि हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार बरामद नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार अविनाश पांडेय की छात्र सुमित कुमार पांडेय की मां पर गलत निगाह थी। सुमित द्वारा उसका विरोध किया जा रहा था। उसी विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।

इधर, इस मामले में छात्र के दादा रामाकांत पांडेय के बयान पर तीनों अभियुक्तों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। उसमें कहा गया है कि अविनाश पांडेय अक्सर उनके घर आता जाता रहता था। उस दौरान वह सुमित कुमार पांडेय की मां पर गलत निगाह रखता था। सुमित कुमार पांडेय द्वारा अविनाश पांडेय को मना किया गया था। उसे लेकर दोनों के बीच नोंकझोंक भी हुई थी। तब अविनाश पांडेय की ओर से उनके पोते सुमित कुमार पांडेय को धमकी भी दी गई थी। उसी विवाद में तीनों ने मिलकर उनके पोते की गोली मारकर हत्या कर दी।

इधर, पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि घटना की गंभीरता से लेते हुए हत्या के उद्भेदन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी थी। टीम द्वारा मानवीय सूचना और तकनीकी एवं सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर महज 24 घंटे के अंदर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बता दें कि रविवार की रात फोन कर बुलाने के बाद बनाही गांव निवासी राजू पांडेय उर्फ राजीव पांडेय के 18 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इंटर के छात्र सुमीत का शव सोमवार की सुबह बनाही बनकट रोड किनारे से बरामद किया गया था।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Mother Aranya Devi - Ara
Mother Aranya Devi - Ara

Most Popular