Homeआरा भोजपुरबिहियारफ्तार के कहर ने छीन ली एक साथ दो घरों की खुशियां,...

रफ्तार के कहर ने छीन ली एक साथ दो घरों की खुशियां, बांधा गांव में मातम

Bandha village Accident news: भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के बांधा गांव में शुक्रवार की रात भीषण गर्मी से निजात के लिए सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठना तीन लोगों पर रफ्तार का कहर टूट पड़ा। ओवरटेक करने के चक्कर में एक बेलगाम बोलेरो ने तीनों को रौंद डाला। इसमें चाचा-भतीजे की मौत हो गयी, जबकि तीसरे व्यक्ति को गंभीर हाल में पटना रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद चालक बोलेरो लेकर भाग निकला।

मृतकों में बांधा गांव निवासी स्व. सिद्धू राम के 50 वर्षीय पुत्र गणेशा राम और स्व. भरत राम के 60 वर्षीय पुत्र कमला राम थे। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा लगते हैं। गणेश राम नियोजित शिक्षक थे। वर्तमान में वह बांधा गांव स्थित मध्य विद्यालय में कार्यरत थे। उनके चाचा कमला राम पेशे से मजदूर थे। जख्मी उसी गांव के निवासी 70 वर्षीय तेज नारायण सिंह हैं।

शिक्षक के भाई महेश राम के अनुसार उनके भाई गणेश राम, चाचा कमला राम और गांव के ही तेज नारायण सिंह सहित चार लोग अत्यधिक गर्मी के कारण शुक्रवार की रात सड़क किनारे पीपल के पेड़ के नीचे बैठे थे। तभी स्कॉर्पियो से ओवरटेक करने के चक्कर में काफी तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो तीनों लोगों को रौंदते निकल गयी। इससे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

इसके बाद तीनों लोगों को शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के बाद आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनके भाई गणेश राम और चाचा कमला राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं जख्मी तेज नारायण सिंह को प्राथमिक इलाज के बाद पटना रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया।

Bandha village Accident news: किसी ने बेटा, किसी ने पति, किसी ने पिता और भाई को खो दिया

रफ्तार के कहर ने एक साथ दो घरों की खुशियां छीन ली। पल भर में ही दोनों घरों में रोना-धोना मच गया। किसी ने बेटा, किसी ने पति, किसी ने पिता और भाई को खो दिया। बताया जा रहा है कि गणेश राम अपने तीन भाई और दो बहनों में छोटे थे। उनके परिवार में मां तेतरी देवी,पत्नी किरण देवी, पुत्री सुगंधी कुमारी, मंजू कुमारी, पुत्र तुलसीदास राम और पवन कुमार हैं।

वहीं कमला राम के परिवार में मां धनवंतरी देवी, पत्नी फूलपातो देवी, पुत्री उषा देवी, प्रभावती देवी और पुत्र राजेश कुमार है। हादसे के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है। महिलाओं की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। वहीं एक साथ दो लोगों की मौत से गांव में भी मातम पसर गया है।

ख़बरे आपकी
ख़बरे आपकी
Khabreapki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Mother Aranya Devi - Ara
Mother Aranya Devi - Ara

Most Popular