Bhagwatpur: बिहार के भोजपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गाँव में शुक्रवार की मध्य रात्रि अपराधियों ने झारखंड पुलिस में कार्यरत एक हवलदार की सुषुप्तावस्था में धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी।
- हाइलाइट: Bhagwatpur
- भोजपुर में झारखंड पुलिस हवलदार की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या, सनसनी
- सुषुप्तावस्था में अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
- हत्या का कारण स्पष्ट नहीं, मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में शुक्रवार की मध्य रात्रि घटी घटना
आरा, बिहार। भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में शुक्रवार की मध्य रात्रि अपराधियों ने झारखंड पुलिस हवलदार की सुषुप्तावस्था में धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। मृतक के गले पर गहरा, दाहिने गाल पर जख्म का निशान एवं दाहिने हाथ का अंगूठा धारदार हथियार कटा हुआ पाया गया।
हालांकि हवलदार की हत्या क्यों और किसने की? यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घटना को लेकर गांव एवं आसपास की इलाके में सनसनी मच गई। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह एवं चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की पत्नी एवं परिजनों से मिल घटना की जानकारी ली। पुलिस द्वारा वहां एफएसएल की टीम को बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य को इकट्ठा किया।
जानकारी के अनुसार मृतक चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव निवासी स्व.राम सुरेश तिवारी के 58 वर्षीय पुत्र पशुपति नाथ तिवारी है। वह झारखंड पुलिस में हवलदार थे। वर्तमान में झारखंड के हजारीबाग जिले स्थित पीसीआर (पुलिस कंट्रोल रूम) में कार्यरत थे।
Bhagwatpur : पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से कर रही छानबीन
वहीं सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक झारखंड पुलिस में हवलदार थे। वर्ष 2026 में रिटायर्ड होने वाले थे। वे पिछले 14 दिसंबर को छुट्टी लेकर गांव आए थे। इसी बीच घर में घुसकर उनकी धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई और मृतक के दाहिने हाथ का अंगूठा भी कटा हुआ है। उन्होंने बताया कि संदेहास्पद स्थिति में उनकी हत्या हुई है। इनका किसी भी व्यक्ति से दुश्मनी एवं विवाद की बात भी सामने नहीं आया है। परिजनों द्वारा किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया जा रहा है। घटनास्थल पर एफएसएल एवं डीआईयू की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इधर, मृतक के भाई भारत भूषण तिवारी ने बताया कि वह झारखंड पुलिस में हवलदार सह चालक थे। हजारीबाग जिले में पोस्टेड थे। शुक्रवार की रात आग तापने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को कमरे में जाकर सोने के लिए कहा। तब उनकी पत्नी अपने कमरे में जाकर सो गई। इसी बीच अज्ञात अपराधियों द्वारा उनकी धारदार हथियार से गला एवं अंगूठा काटकर हत्या कर दी गई। परिजनों को इसकीे जानकारी शनिवार की अगले सुबह चार बजे हुई। जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे और उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शक की सुई मृतक की पत्नी की ओर घूमती दिख रही है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।


