Bhojpur Crime : भोजपुर में फिर एक सीएसपी संचालक से लूट की बड़ी घटना हुई है। इस बार संदेश में लूट की घटना को अंजाम दिया गया है।
- हाइलाइट: Bhojpur Crime
- संदेश थाना क्षेत्र के कृषि फॉर्म के समीप शुक्रवार की शाम साढ़े तीन बजे की वारदात
- बाइक सवार नकाबपोश चार अपराधियों द्वारा लूट की घटना को दिया गया अंजाम
- भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने अजीमाबाद के किरकिरी चेक पोस्ट के समीप दबोचा
- अपराधियों के पास से हथियार, बाइक और लूटे गए पैसे भी किये गये बरामद
- दो अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी के निर्देश पर पुलिस कर रही छापेमारी
आरा/अगिआंव: भोजपुर में फिर एक सीएसपी संचालक से लूट की बड़ी घटना हुई है। इस बार संदेश में लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। संदेश कृषि फार्म के पास अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर एक सीएसपी संचालक से करीब पौने पांच लाख रुपए लूट लिया गया। अपराधी संचालक का मोबाइल और बाइक की चाबी भी ले भागे। घटना संदेश थाना क्षेत्र के ही कंधारपुर गांव निवासी रितेश कुमार के साथ शाम करीब साढ़े तीन बजे हुई है। दो बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधियों पर लूटपाट करने का आरोप लगाया गया है।
घटना को अंजाम दिये जाने के बाद चारों अपराधी फुलाड़ी के रास्ते सहार की ओर भाग निकले। हालांकि लूट की सूचना पर एक्शन मोड में आयी पुलिस द्वारा किरकिरी चेक पोस्ट के समीप भाग रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से लूट में इस्तेमाल पिस्टल, बाइक और लूटे गए पैसे के अलावा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हालांकि दो अपराध भागने में सफल रहे। गिरफ्तार दोनों अपराधी पवना थाना क्षेत्र के रहने वाले बताये जा रहे हैं।
इधर, एसपी राज के निर्देश पर पुलिस द्वारा दोनों लुटेरों की गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही। बताया जा रहा है कि रितेश कुमार संदेश थाने के कोरी बाजार में ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएसपी) चलाते हैं। शुक्रवार की दोपहर वह पैसे की निकासी करने संदेश स्थित बैंक गये थे। स्टेट बैंक और यूनियन बैंक से करीब चार लाख 74 हजार रुपए की निकासी करने के बाद बाइक से कोरी बाजार स्थित ग्राहक सेवा केंद्र लौट रहे थे।
तभी संदेश कृषि फार्म के नजदीक पहले से घात लगाकर बैठे दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों द्वारा बाइक से सड़क ब्लॉक कर संचालक को रोक लिया गया ।हथियार के बल पर बाइक की चाबी और मोबाइल छीन लिया। उसके बैग में रखे रुपये छीन कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और छानबीन की। उसके बाद इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूत्र के आधार पर पहचान एवं गिरफ्तारी में जुटी है।
बता दें कि पांच सितंबर को कृष्णगढ़ इलाके में हथियार के बल पर एक सीएसपी संचालक से लूट पाट की गयी थी। पिछले 11 अगस्त को आयर थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक से दो लाख रुपए की लूट की गयी थी। उससे पूर्व फरवरी में बहरोनपुर में गोली मारकर हत्या करने के बाद एक सीएसपी संचालक से चार लाख रुपए लूट लिया गया था।
Bhojpur Crime – फुलाड़ी के रास्ते सहार की ओर भाग निकले अपराधी, किरकिरी चेकपोस्ट के पास दबोचा
बताया जा रहा है कि संदेश में सीएसपी संचालक से लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी ग्रामीण सड़क का उपयोग कर फुलाडी गांव के रास्ते स्टेट हाइवे 81 से सहार की ओर भाग रहे थे। तभी अजीमाबाद थाने की पुलिस को लूट की सूचना मिल गयी। उसके बाद पुलिस द्वारा किरकिरी चेक पोस्ट के नजदीक एक बाइक पर सवार दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि दो अन्य पुलिस को चकमा दे भागने में कामयाब रहे। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, नगदी और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

