Bihar Board 12th Results:भोजपुर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, टॉपर्स की लिस्ट में बनाई अपनी जगह
- हाइलाइट:
- 12वीं बोर्ड की परीक्षा में भोजपुर के बच्चियों का जलवा
- अन्यया सत्यार्थी एवं अमरजीत कुमार आर्ट्स विषय में भोजपुर टॉपर बने
- नंदनी कुमारी ने कॉमर्स में सर्वाधिक 91.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर भोजपुर टॉपर बनी
- साइंस में अंशिका कुमारी, विक्की कुमार एवं विवेक मिश्रा संयुक्त रूप से टॉपर बने
Bihar Board 12th Results: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित 12वीं बोर्ड के नतीजे घोषित हो चुके हैं और इस बार के परिणामों ने एक बार फिर छात्र-छात्राओं के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। पूरे सूबे में जहाँ 85.19 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता अर्जित की है, वहीं भोजपुर जिले का प्रदर्शन वाकई काबिले तारीफ रहा है। इस साल भोजपुर की बच्चियों ने अपनी मेहनत से जिले का नाम रोशन किया है, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस—इन तीनों विषयों में जिले की 11 छात्राओं ने टॉप-3 में अपनी जगह पक्की की है।
अगर हम जिले के पहले स्थान पर रहने वाले मेधावी छात्रों की बात करें, तो आर्ट्स संकाय में राजकीय कृत गर्ल्स हाई स्कूल धनडीहां की छात्रा अन्यया सत्यार्थी और एच.एन.के. इंटर कॉलेज, आरा के छात्र अमरजीत कुमार ने 93.80 प्रतिशत (469 अंक) लाकर संयुक्त रूप से जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। कॉमर्स में एच.एन.के. इंटर कॉलेज, आरा की नंदनी कुमारी ने 91.60 प्रतिशत (458 अंक) हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, साइंस संकाय में तीन छात्रों ने बाजी मारी है। मलौर प्लस टू हाई स्कूल की छात्रा अंशिका कुमारी, रामदयाल यादव प्लस टू स्कूल जितौरा के छात्र विक्की कुमार और उच्च माध्यमिक विद्यालय कायमनगर के छात्र विवेक मिश्रा ने 93 प्रतिशत (465 अंक) के साथ जिले में पहला स्थान पाया है।
Bihar Board 12th Results:आर्ट्स विषय में शिवानी गुप्ता को जिले में दूसरा स्थान

सफलता का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। आर्ट्स विषय में एच. एन. इंटर कॉलेज शाहपुर पट्टी की छात्रा शिवानी गुप्ता और प्लस टू हाई स्कूल यादोपुर की छात्रा सोनी भगत ने 93.60 प्रतिशत (468 अंक) लाकर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। कॉमर्स में एच.एन.के. इंटर कॉलेज, आरा की छात्रा नंदिनी पांडेय 91.20 प्रतिशत (456 अंक) के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं साइंस संकाय में एम.जे. प्लस टू स्कूल राजापुर के छात्र बिट्टू कुमार ने 92.60 प्रतिशत (463 अंक) अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया।
तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं ने भी कड़ा मुकाबला पेश किया है। आर्ट्स में एसबी हाई स्कूल, आरा की छात्रा सृष्टि कुमारी और हरिवंश हाई स्कूल चांदी की छात्रा तहसीन सज्जाद ने 93.40 प्रतिशत (467 अंक) के साथ तीसरा स्थान पाया। कॉमर्स विषय में एच.एन.के. इंटर कॉलेज, आरा की छात्रा गुड़िया कुमारी ने 90.80 प्रतिशत (454 अंक) प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान सुनिश्चित किया। वहीं साइंस में राम जानकी प्लस टू हाई स्कूल उदवंतनगर की छात्रा मोहिनी प्रिया सिंह और यादव विद्यापीठ प्लस टू हाई स्कूल मौलाबाग की छात्रा दीपिका कुमारी ने 92.40 प्रतिशत (462 अंक) अंक प्राप्त कर भोजपुर जिले का मान बढ़ाया है।

