Saturday, December 6, 2025
No menu items!
HomeNewsबिहारBihar Election 2025 Result: काउंटिंग को लेकर पुलिस अलर्ट

Bihar Election 2025 Result: काउंटिंग को लेकर पुलिस अलर्ट

बिहार विधान सभा निर्वाचन-2025 की मतगणना 14 नवम्बर 2025 (शुक्रवार) को कृषि उत्पादन बाजार समिति, आरा के परिसर में होगी।

Bihar Election 2025 Result: बिहार विधान सभा निर्वाचन-2025 की मतगणना 14 नवम्बर 2025 (शुक्रवार) को कृषि उत्पादन बाजार समिति, आरा के परिसर में होगी। मतगणना पूर्वाहन 8 बजे से प्रारम्भ होगी।

  • हाइलाइट: Bihar Election 2025 Result
    • शुक्रवार को विधानसभा चुनाव की मतगणना, प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
    • मतगणना को लेकर पुलिस-प्रशासन चौकस, अवेध किले में तब्दील हुआ मतगणना परिसर
    • जगह-जगह दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र बल हुई प्रतिनियुक्ति

Bihar Election 2025 Result : बिहार विधान सभा निर्वाचन-2025 की मतगणना 14 नवम्बर 2025 (शुक्रवार) को कृषि उत्पादन बाजार समिति, आरा के परिसर में होगी। मतगणना पूर्वाहन 8 बजे से प्रारम्भ होगी। मतगणना को लेकर सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बल अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर 14 नवम्बर (शुक्रवार) को पूर्वाहन 5 बजे से ही उपस्थित रहेंगे। मतगणना हेतु विधान सभावार मतगणना कक्ष स्थापित किया गया है। मतगणना स्थल के अंदर तथा बाहर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। बाजार समिति स्थित मतगणना स्थल को अभेद किला के रूप में तब्दील कर दिया गया है। मतगणना के दौरान पूरे भोजपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के 82 दलीय एवं निर्दलीय प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इसमें भोजपुर के संदेश विधानसभा क्षेत्र से 11 प्रत्याशी, बडहरा विधानसभा से 13, आरा विधानसभा क्षेत्र से 13, अगिआंव (सुरक्षित) विधानसभा सभा क्षेत्र से 9, तरारी विधानसभा क्षेत्र से 15, जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र से 10 एवं शाहपुर से 11 प्रत्याशी मैदान में हैं।

Bihar Election 2025 Result: बाजार समिति परिसर एवं परिसर क्षेत्र के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा

बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के अवसर पर भोजपुर जिलान्तर्गत सभी 7 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना 14 नवम्बर (शुक्रवार) को बाजार समिति में होगी। जिला दंडाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत मतगणना के अवसर पर सम्पूर्ण बाजार समिति परिसर एवं परिसर क्षेत्र के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा आदेश जारी किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत निर्देश का अनुपालन किया जाय। किसी भी राजनैतिक दल, व्यक्ति, संगठन के द्वारा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता के संदर्भ में समय-समय पर जारी दिशा-निदेशों के विपरीत कोई कार्य नहीं किया जाएगा।

किसी भी प्रकार के विजय जुलूस पर पूरी तरह से रोक: जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार के विजय जुलूस पर पूरी तरह से रोक है। किसी भी व्यक्ति, राजनैतिक दल, संगठन के द्वारा राजनैतिक प्रयोजन से संबंधित किसी भी प्रकार की सभा, जलूस, धरना या प्रदर्शन वर्जित रहेगा तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग नहीं किया जाएगा। विधि-व्यवस्था संधारण से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। अनुमति की शर्तों के प्रतिकूल कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा।

हथियार ले जाने की अनुमति नहीं: मतगणना के दिन मतगणना केंद्र के आस पास शस्त्र अधिनियम-1959 में परिभाषित किए गए किसी भी तरह के हथियारों से लैस किसी भी व्यक्ति को हथियार ले जाने की अनुमति नहीं है। आदेश का उल्लंघन करने पर (बीएनएसएस) की धारा-163 एवं बीएनएस की धारा-223 की तहत कार्रवाई की जायेगी।

मतगणना को लेकर बाजार समिति रोड में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतगणना को लेकर शुक्रवार को बाजार समिति रोड में यातायात व्यवस्था बदली नजर आएगी। मतगणना को लेकर धोबीघटवा मोड़ से बाजार समिति होते हुए ओवरब्रीज तक मुख्य पथ आम नागरिकों के लिए 14 नवम्बर को प्रातः 6 बजे से बन्द कर दिया जाएगा, जो मतगणना की समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान वाहनों के आवागमन के लिए दिशा निर्देश जारी किया गया है।

मतगणना परिसर में रहेगी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था: बिहार विधानसभा चुनाव-2025 की मतगणना 14 नवमबर 2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु, पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को प्रतिनियुक्त सभी सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग की, जिसमें उन्होंने मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को कड़ाई से लागू करने, हर पल सतर्क रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि तैनात जवानों के पास उपलब्ध सभी सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता की गहन जाँच की गयी।

आरा शहरी क्षेत्र में बड़ी व भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक: 13 नवम्बर 2025 के रात्रि 10 बजे से मतगणना कार्य समाप्ति तक आरा शहरी क्षेत्र में बड़ी व भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। प्रेस नोट के अनुसारबामपाली मोड से आरा शहर के तरफ भारी वाहनो का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वही कायमनगर कट से आरा शहर के तरफ, असनी कट से आरा शहर के तरफ, तेतरिया मोड से आरा शहर के तरफ, जीरो माईल से आरा शहर के तरफ, गांगी पुल चौक से आरा शहर के तरफ, सनदिया के तरफ से पुरानी पुलिस लाईन होते हुए आरा शहर के तरफ भारी वाहनो का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

मतगणना को लेकर शहर में बदली-बदली दिखेगी ट्रैफिक व्यवस्था: बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के अवसर पर भोजपुर जिलान्तर्गत सभी 7 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों का मतगणना 14 नवम्बर को बाजार समिति स्थित मतगणना केंद्र में होगा। मतगणना के दिन जन-सुविधा हेतु ट्रैफिक प्लान का निर्धारण किया गया है। धोबीघटवा मोड़ से बाजार समिति होते हुए ओवरबीज तक मुख्य पथ आम नागरिकों के लिए 14 नवम्बर 2025 को प्रातः 6 बजे से बन्द कर दिया जाएगा, जो मतगणना की समाप्ति तक प्रतिबंधित (बंद) रहेगा। इस दौरान
1.जीरो माईल की तरफ से आने वाले वाहन बिहारी मील रोड होते हुए सीधे बिहारी मील तथा रेलवे पूर्वी ओवरब्रिज होकर परिचालित होंगे।
2.धरहरा की तरफ से पीरो एवं जगदीशपुर के तरफ जाने वाले वाहनों का परिचालन पूर्वी रेलवे ओवरब्रिज, बिहारी मील, जीरो माईल होते हुए होगा।
3.बस स्टैण्ड से बक्सर की तरफ जाने वाले वाहनों का आवागमन कतीरा मोड, पकडी चौक, एवं चदवा मोड़ होते हुए होगा।
4.पश्चिमी रेलवे ओभरब्रीज से धोबीघटवा मोड़ के बीच ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। इस पथ से सिर्फ मतगणना कर्मी एवं मतगणना कार्य से संबंधित पदाधिकारियों के वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी। चन्द्रवा मोड़, कतीरा मोड़, न्यु पुलिस लाईन से आने वाले रास्ते पर कैथोलिक मिशन स्कूल के पास, पश्चिमी रेलवे ओवरब्रिज के दक्षिण छोर पर, धोबी घटवा मोड तीन मुहान मुख्य पथ पर एवं बाजार समिति के दक्षिण भाग में अनाईठ एवं मेलाई जाने वाले रास्ते तथा अन्य चिन्हित स्थलों पर एक-एक ड्रॉप गेट का निर्माण किया जा रहा है। जिस पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मतगणना परिसर में प्रवेश हेतु अधिकृत वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश को 14 नवम्बर 2025 को प्रातः 5 बजे से मतगणना समाप्ति तक पूर्णतः निषेध रखेंगे।

संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी प्रतिनिधित्व: मतगणना के दिन जिले के महत्वपूर्ण व संवेदनशील स्थानों पर विधि व्यवस्था संधारण के निमित्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके तहत जिले के तेतरिया मोड, जीरो माइल, पूर्वी गुमटी, पटेल बस स्टैंड, धरहरा मोड, पकड़ी चौक, रेलवे स्टेशन, गोपाली चौक, शिवगंज दुर्गा मंदिर के पास, पुरानी पुलिस लाइन मोड, जज कोठी मोड, कृषि भवन मोड, कायमनगर फोरलेन कट, वामपाली मोड, असनी फोरलेन कट, गांगी चौक एवं सरैया रोड में फोरलेन पर चढ़ने वाले रास्ते के पास दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे।

फूल माला के रेट में हुई वृद्धि: बिहार विधानसभा चुनाव के मतो की गणना आरा के बाजार समिति में शुक्रवार को होगी। इसको लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया है। पार्टी के नेता व कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशी के जीत का दावा कर रहे हैं। आरा शहर में कई लोगों ने आज मिठाई की दुकान एवं फूलमाला की दुकान पर ऑर्डर दिया। फूल माला के बढ़ते डिमांड के कारण रेट में वृद्धि हो गई है।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
pintu Bhaiya
Khabre Apki Play
Khabre Apki Play

Most Popular