HomeNewsबिहारबिहिया में धूमधाम से मना पैगंबर साहब का जन्मदिन, निकला जुलूस

बिहिया में धूमधाम से मना पैगंबर साहब का जन्मदिन, निकला जुलूस

Bihiya Julus: बिहिया नगर में बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया।

  • हाइलाइट: Bihiya Julus
  • पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस श्रद्धापूर्वक आयोजित
  • बिहिया नगर पंचायत में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा

आरा। जिले बिहिया नगर में बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में इस पर्व को श्रद्धापूर्वक आयोजित किया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी शिक्षाओं का स्मरण किया गया।

पर्व के उपलक्ष्य में बिहिया नगर में एक विशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस वार्ड संख्या पांच स्थित आदर्श बिहार कॉलोनी के बड़ी चौक से आरंभ हुआ। इसके बाद यह थाना, कटेया रोड और डाक बंगला चौक जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः बड़ी चौक पर जाकर संपन्न हुआ। जुलूस में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

Bihiya Julus : सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जुलूस के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार और थाना अध्यक्ष सुंदेश्वर कुमार दास स्वयं स्थिति की निगरानी करते रहे।

जुलूस से पूर्व नगर की विभिन्न मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। इन धार्मिक आयोजनों के दौरान कुरआन का पाठ किया गया और पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की जीवनी और उनके द्वारा दिए गए शांति एवं मानवता के संदेशों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने पैगंबर साहब के बताए मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम, शांति तथा भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। पूरे नगर में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।

इस आयोजन में डॉ. अब्दुल्ला, मुराद हुसैन, अरमान, रफीक अंसारी, मौलाना आरिफ, जुबेर खान, गोल्डन हाशमी, अफताब अंसारी और मोनू सहित दर्जनों गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल रहे।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular