BLO Training Jagdishpur: 197-जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
- हाइलाइट:
- निर्वाचक सूची को अद्यतन करने से संबंधित बीएलओ को मिला विशेष प्रशिक्षण
- “हर योग्य नागरिक का नाम निर्वाचक सूची में दर्ज हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में न रहे।”
आरा/जगदीशपुर, 26 जून 2025: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को , 197-जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार की अध्यक्षता में यह बैठक संपन्न हुई, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) अभियान पर जोर दिया गया।
BLO Training Jagdishpur: मतदाता सूची पूरी तरह से त्रुटिरहित हो
बैठक में मतदान केंद्र संख्या 1 से 60 तथा दूसरे फेज में मतदान केंद्र संख्या 61 से 120 तक के बीएलओ शामिल हुए। इस दौरान उन्हें निर्वाचक सूची को अद्यतन करने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें नए मतदाताओं का पंजीकरण, सूची से अपात्र नामों को हटाना (विलोपन) और मतदाता विवरण में मौजूद त्रुटियों को सुधारना शामिल था। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों ने बताया कि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची पूरी तरह से त्रुटिरहित हो।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ को संबोधित करते हुए कहा, “हर योग्य नागरिक का नाम निर्वाचक सूची में दर्ज हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में न रहे।” उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी लगन और सटीकता के साथ पूरा करें, ताकि निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव के लिए एक स्वच्छ और अद्यतन मतदाता सूची तैयार हो।


