Anti-Encroachment Drive Resumes: बाजार क्षेत्रों, सड़क निर्माण स्थलों एवं नालों पर बने सभी स्थायी एवं अस्थायी अवैध संरचनाओं को हटाया जाएगा
- हाइलाइट: Anti-Encroachment Drive Resumes
- दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई, दर्ज होगी प्राथमिकी
- अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न
- जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक
आरा। जिले में सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जूम के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिक्रमण हटाने हेतु सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), नगर आयुक्त, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्रों, सड़क परियोजनाओं, नालों एवं नहरों सहित सभी सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक एवं सघन अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि सड़कों, बाजारों एवं अन्य स्थानों पर अतिक्रमण के कारण विधि-व्यवस्था की समस्या, यातायात जाम तथा जलजमाव जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। विशेष रूप से आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी नालों से अतिक्रमण हर हाल में हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि जल निकासी बाधित नही हो।
Anti-Encroachment Drive Resumes: अवैध संरचनाओं को हटाने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाजार क्षेत्रों, सड़क निर्माण स्थलों एवं नालों पर बने सभी स्थायी एवं अस्थायी अवैध संरचनाओं को हटाया जाए। साथ ही सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें। यदि कोई व्यक्ति पुनः अतिक्रमण करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना एवं प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राज ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अतिक्रमण उन्मूलन अभियान के लिए पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने में सक्रिय सहयोग करेंगे।
बैठक में नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी डीसीएलआर, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (आरसीडी), कार्यपालक अभियंता (बाढ़ नियंत्रण) एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


