Dr. DY Patil: बिहार के पूर्व राज्यपाल एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. डीवाई पाटिल का 91 वर्ष की आयु में निधन, शिक्षा और समाजसेवा जगत में शोक की लहर
- हाइलाइट: Dr. DY Patil
- वे 22 मार्च 2013 से 26 नवंबर 2014 तक बिहार के राज्यपाल पद पर आसीन रहे
पटना। बिहार के पूर्व राज्यपाल और प्रतिष्ठित शिक्षाविद डॉ. डीवाई पाटिल का मंगलवार को मुंबई में निधन हो गया। 91 वर्षीय डॉ. पाटिल ने अपने पीछे जनसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में कार्यों की एक समृद्ध विरासत छोड़ी है। वे 22 मार्च 2013 से 26 नवंबर 2014 तक बिहार के राज्यपाल पद पर आसीन रहे। अपने संवैधानिक कार्यकाल की समाप्ति के बाद भी उनका बिहार से गहरा भावनात्मक जुड़ाव बना रहा। उन्होंने राज्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए कई बार बिहार का दौरा किया और शिक्षा के प्रसार हेतु यहां एक विद्यालय की भी स्थापना की।
राज्यपाल ने जताया गहरा शोक: डॉ. पाटिल के निधन पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि डॉ. डीवाई पाटिल का निधन सार्वजनिक जीवन, शिक्षा और समाजसेवा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्रों में डॉ. पाटिल का योगदान अतुलनीय है और समाज के विकास में उनकी भूमिका को सदैव स्मरण किया जाएगा।
Dr. DY Patil: मुख्यमंत्री ने बताया प्रेरणादायी व्यक्तित्व
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी उनके निधन पर संवेदना प्रकट की। उन्होंने डॉ. पाटिल को एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि एक शिक्षाविद और समाजसेवी के रूप में उनके कार्य समाज के लिए हमेशा प्रकाश स्तंभ का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के राज्यपाल के तौर पर उनके द्वारा किए गए कार्यों और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को राज्य कभी नहीं भूलेगा।
डॉ. पाटिल के निधन पर राष्ट्रीय जनता दल ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपनी संवेदनाएं साझा कीं। राजद नेताओं ने कहा कि डॉ. पाटिल का जाना शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी हानि है। उनकी सादगी, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी।











