HomeNewsबिहारदुबई से संचालित गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी, नौ अपराधी...

दुबई से संचालित गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी, नौ अपराधी गिरफ्तार

इनके पास से 46 मौबाइल, सात लैपटॉप, 32 सिम कार्ड, 52 डेबिट/क्रेडिट और एक स्कैनर बरामद

Fraud via Gaming App: भोजपुर की साइबर पुलिस ने दुबई से संचालित गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी के मामले में नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

  • हाइलाइट: Fraud via Gaming App
  • आरा साइबर पुलिस की बड़ी सफलता:
  • दानापुर के आरके पुरम स्थित एक फ्लैट से पकड़े गए सभी साइबर अपराधी
  • 46 मौबाइल, सात लैपटॉप, 32 सिम कार्ड, 52 डेबिट व क्रेडिट और एक स्कैनर बरामद
  • ग्रामीण बैंक के तीन खातों की जांच के दौरान साइबर पुलिस को मिली सफलता

आरा। भोजपुर की साइबर पुलिस ने दुबई से संचालित गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी के मामले में नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सभी को पटना जिले के दानापुर के आरके पुरम स्थित एक फ्लैट से ठगी करते पकड़ा गया है। इनके पास से 46 मौबाइल, सात लैपटॉप, 32 सिम कार्ड, 52 डेबिट/क्रेडिट और एक स्कैनर बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार अपराधियों में बड़हरा थाना क्षेत्र के बिंदगांवा गांव निवासी अभिषेक कुमार उर्फ गोलू कुमार सिंह, गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बीबीगंज निवासी विकास कुमार, प्रमोद कुमार, अनुज कुमार, बिहिया थाना क्षेत्र के बरुणा गांव निवासी अकाश सिंह, उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बरगही निवासी सत्येन्द्र प्रसाद, रोहित कुमार, सरोज कुमार एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुधुआं निवासी राहुल कुमार है।

Fraud via Gaming App: लोटस बुक चर्चित महादेव गेमिंग ऐप का दूसरा वर्जन

गिरफ्तार सभी अपराधी फिलवक्त दानापुर के आरके पुरम स्थित एक सोसायटी में किराए के एक फ्लैट में रहते थे। सभी दुबई से संचालित लोटस बुक गेमिंग ऐप के पैनल के लिए काम करते हैं। पूरे पैनल को दुबई से ही कंट्रोल किया जा रहा था। लोटस बुक चर्चित महादेव गेमिंग ऐप का दूसरा वर्जन है। इस ऐप के जरिए अपराधियों द्वारा महज छह महीने में सात करोड़ 85 लाख से अधिक की ठगी की गयी है।

भोजपुर पुलिस अधीक्षक राज के निर्देश पर जिले के ग्रामीण बैंक के तीन खातों में बड़ी लेन-देन की जांच के लिए साइबर डीएसपी स्नेह सेतू के नेतृत्व में गठित टीम को इस ठगी गिरोह का खुलासा करने में सफलता हाथ लगी है। साइबर डीएसपी स्नेह सेतू की ओर से शनिवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी गई।

बड़हरा के बबुरा स्थित ग्रामीण बैंक के खातों से लेन-देन

उन्होंने बताया कि सूचना मिली कि बड़हरा के बबुरा स्थित ग्रामीण बैंक के तीन खातों में हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर लेन-देन की जा रही है। एसपी के निर्देश पर उन खातों के सत्यापन किया गया और जांच शुरू की गयी। खातों से जुड़े मोबाइल नंबर की जांच की गयी, तो पता चला कि तीनों खातों के खिलाफ पोर्टल पर साइबर से संबंधित काफी शिकायत दर्ज हैं।

जांच में पता चला कि खातों का उपयोग दूसरे लोगों द्वारा दानापुर के आरके पुरम से किया जा रहा है। उस आधार पर टीम आरके पुरम स्थित उस चिन्हित फ्लैट तक पहुंची। उस समय फ्लैट में बाहर से ताला लगा था, लेकिन छत पर कुछ लोगों के होने की जानकारी मिली। तब पुलिस किसी तरह फ्लैट के अंदर पहुंची, तो नौ लोगों को सिस्टम पर साइबर ठगी करते पकड़ा गया। उनके पास से 46 मौबाइल, सात लैपटॉप, 32 सिम कार्ड, 52 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, एक पेटीएम स्कैनर, पांच आधार कार्ड, चार पैन कार्ड और दो वोटर आइडी कार्ड बरामद किए गए हैं।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Mother Aranya Devi - Ara
Mother Aranya Devi - Ara

Most Popular