Homeआरा भोजपुरशाहपुरशाहपुर में अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर गिरफ्तार

शाहपुर में अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर गिरफ्तार

एसटीएफ और शाहपुर थाने की संयुक्त कार्रवाई में रविवार की शाम पकड़ा गया तस्कर

Heroin smuggler – Shahpur: पटना एसटीएफ और शाहपुर थाने की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर में छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है।

jay kumar
  • हाइलाइट्स: Heroin smuggler – Shahpur
    • एसटीएफ और शाहपुर थाने की संयुक्त कार्रवाई में रविवार की शाम पकड़ा गया तस्कर
    • तस्कर के पास से हेरोइन के अलावा एक इलेक्ट्रानिक तराजू और एक मोबाइल बरामद

शाहपुर (भोजपुर)। पटना एसटीएफ और शाहपुर थाने की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर में छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर के पास से उच्च गुणवत्ता वाली 96.850 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

गिरफ्तार तस्कर शाहपुर नगर के वार्ड नंबर 11 निवासी जयशंकर जायसवाल का पुत्र रंजन जायसवाल है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिस्टर राज ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बात की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, बिहार एसटीएफ को शाहपुर में हेरोइन की तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और शाहपुर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने रविवार की शाम सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रंजन जायसवाल के ठिकाने पर धावा बोला और उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके घर से हेरोइन की उक्त मात्रा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद हुआ। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और अब कॉल डिटेल व अन्य तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसके पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस तस्कर के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ शाहपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि शाहपुर का इलाका पहले भी हेरोइन तस्करी को लेकर चर्चा में रहा है और यहां से पूर्व में भी कई तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस के अभियान का एक बड़ा हिस्सा है।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular