Kharif Mega Campaign Workshop: कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन स्थानीय विधायक ई. राकेश रंजन ओझा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
- हाइलाइट: Kharif Mega Campaign Workshop
- किसानों को दी गई आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की जानकारी
आरा। जिले के शाहपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन परिसर में शनिवार को खरीफ महाअभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन स्थानीय विधायक ई. राकेश रंजन ओझा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजन शुक्ला ने की, जबकि संचालन समन्वयक रणधीर गोस्वामी और नीतीश सिद्धार्थ ने संयुक्त रूप से किया।
Kharif Mega Campaign Workshop : विधायक राकेश रंजन ने कहा
खरीफ महाअभियान कार्यशाला को संबोधित करते विधायक राकेश रंजन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उन तक पहुंचना अनिवार्य है। उन्होंने उपस्थित कृषकों से आह्वान किया कि वे कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी गई जानकारियों को आत्मसात करें और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर खेती करें। इससे न केवल फसल की पैदावार बढ़ेगी, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मिट्टी जांच के महत्व और जैविक खेती की आवश्यकता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने बताया कि मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखने के लिए जैविक खाद का प्रयोग दीर्घकालिक लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह ने रासायनिक विधि के साथ-साथ संतुलित पोषण प्रबंधन पर जोर दिया, ताकि कम लागत में बेहतर पैदावार प्राप्त की जा सके। वहीं, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजन शुक्ला ने जैविक और रासायनिक विधियों के सही समन्वय पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में गरमा मूंग, ढैंचा हरी खाद, धान, मक्का और मरुआ की उन्नत किस्मों के बारे में भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कृषि सलाहकार विश्वकर्मा, रविभूषण, भाजपा मंडल अध्यक्ष भुवर पांडेय, उमेश चंद्र पांडेय, रविन्द्र ओझा, राजेन्द्र मिश्र, विजय शंकर पाठक, सलाहकार संतोष, प्रमुख प्रतिनिधि पुतुल साह उर्फ गेल्हा साह तथा रमाशंकर मिश्र सहित कृषि विभाग के अनेक कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।




