SP Avadhesh Dixit: एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्र में जेल से जमानत पर बाहर आए कुल 481 अपराधियों की सूची तैयार कर उनका भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
- हाइलाइट: SP Avadhesh Dixit
- एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर आगामी त्योहार को लेकर की जा रही कार्रवाई
आरा। दशहरा पूजा एवं अन्य त्योहार को लेकर भोजपुर पुलिस ने अपराधियों पर नकल करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्र में जेल से जमानत पर बाहर आए कुल 481 अपराधियों की सूची तैयार कर उनका भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसकी जानकारी एसपी अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि आगामी पर्व एवं त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गंभीर अपराधिक मामले जैसे हत्या, आर्म्स एक्ट, डकैती एवं लट सहित अन्य मामलों में जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों का लगातार भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
सत्यापन के क्रम में अनुमंडल सदर-वन, सदर-टू, पीरो एवं जगदीशपुर के अंतर्गत कुल 481 ऐसे जमानत पर छुटे अपराधियों की सूची तैयार कर उनका सत्यापन किया जा रहा है, जिनमें अनुमंडल सदर-वन में 164, अनुमंडल सदर-टू में 108, पीरो अनुमंडल में 139 एवं जगदीशपुर अनुमंडल में 70 अपराधी शामिल है।
उन्होंने बताया कि पुलिस इन अपराधियों पर पैनी नजर रख रही है। इसे लेकर संबंधित थानों की पुलिस द्वारा इन सभी अपराधियों के वर्तमान ठिकानों, गतिविधियों और उनकी उपस्थिति की भौतिक रूप से जांच की जा रही है। ताकि त्योहार के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयासों को समय रहते रोका जा सके।
उन्होंने पर्व एवं त्योहार के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों एवं डायल 112 नंबर पर संपर्क कर दें। इसके अलावे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031826677 भी जारी किया गया है।











