Homeशाहपुरलालू डेराविवाह कराने का संकल्प : चिराग पासवान बोले वचन देता हूं भाई...

विवाह कराने का संकल्प : चिराग पासवान बोले वचन देता हूं भाई का फर्ज मै निभाऊंगा

LJP delegation Laludera: भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत लालू डेरा गांव निवासी दो सगे भाइयों मुन्ना पासवान एवं गणेश पासवान की विगत दिनों सड़क दुर्घटना में असामयिक और दर्दनाक मौत हो गई थी।

  • हाइलाइट: LJP delegation Laludera
  • पीड़ित परिवार से मिला लोजपा प्रतिनिधिमंडल, हरसंभव सहायता का भरोसा
  • भाई का फर्ज निभाते बहन के विवाह कराने का चिराग पासवान ने लिया संकल्प

आरा, भोजपुर। जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत लालू डेरा गांव निवासी दो सगे भाइयों मुन्ना पासवान एवं गणेश पासवान की सड़क दुर्घटना में असामयिक और दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डूबो दिया है। इस अत्यंत दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को सांत्वना, संबल देने और उनके दुख में सहभागी बनने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का एक पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा।

लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देशानुसार, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी द्वारा गठित इस विशेष जांच टीम का नेतृत्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अशरफ अंसारी ने किया। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान, प्रदेश अध्यक्ष संसदीय बोर्ड हुलास पांडेय, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शोभा सिन्हा और प्रदेश महासचिव सुरेश पासवान शामिल थे।

LJP delegation Laludera : डीएम बक्सर से सहायता राशि मुहैया कराने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मृतकों के पिता बृजबिहारी पासवान और शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस कठिन परिस्थिति में परिवार को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से टीम ने बक्सर के जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की और सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि को अविलंब उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द सहायता राशि मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।

चिराग पासवान ने मृतक के पिता से मोबाइल फोन के माध्यम से की बात

इस दुखद घटना पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने स्वयं मृतक के पिता से मोबाइल फोन के माध्यम से बात की। उन्होंने न केवल घटना की विस्तृत जानकारी ली, बल्कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। केंद्रीय मंत्री ने मृतक की बहन के आगामी विवाह में एक भाई की भूमिका निभाते हुए हर संभव सहयोग करने का मानवीय संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा कि लोजपा परिवार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिजनों के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। वहीं, हुलास पांडेय ने परिवार को आश्वस्त किया कि श्राद्धकर्म संपन्न होने के उपरांत वे बेटी की शादी में सक्रिय सहयोग करेंगे।

उल्लेखनीय है कि इस हृदयविदारक हादसे में मुन्ना पासवान अपने पीछे चार माह के दुधमुंहे बच्चे को छोड़ गए हैं, वहीं इस घटना के कारण परिवार में चल रही बेटी के तिलक और विवाह की तैयारियां भी फिलहाल स्थगित हो गई हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस दौरान भोजपुर जिला अध्यक्ष राजेश्वर पासवान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष को निर्देशित किया कि वे निरंतर पीड़ित परिवार के संपर्क में रहें और स्थिति की जानकारी आलाकमान को देते रहें ताकि भविष्य में भी परिवार को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular