HomeNewsबिहारभोजपुर के बिलौटी एनकाउंटर में पुलिस वालों पर हत्या की FIR

भोजपुर के बिलौटी एनकाउंटर में पुलिस वालों पर हत्या की FIR

Bilauti Murder FIR : भोजपुर जिले का चर्चित भरत भूषण तिवारी मुठभेड़ मामला सुर्खियों में है। मृतक की मां आशा देवी के आवेदन के आधार पर शाहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

  • हाइलाइट: Bilauti Murder FIR
  • डीएसपी, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद आरोपित बनाया गया

आरा। भोजपुर जिले का चर्चित भरत भूषण तिवारी मुठभेड़ मामला सुर्खियों में है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत ने राज्य की सियासत और पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी है। इस मामले में अब नया मोड़ सामने आया है, जहां मृतक की मां आशा देवी के आवेदन के आधार पर शाहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Bilauti Murder FIR: मृतक की मां ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप

दर्ज की गई प्राथमिकी में जगदीशपुर के डीएसपी, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पीड़ित मां का स्पष्ट आरोप है कि उनके पुत्र की मौत कोई पुलिस मुठभेड़ नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने अपने आवेदन में विस्तार से उन परिस्थितियों का उल्लेख किया है।

बाढ़ पीड़ित विस्थापितों की मांग उठा रहे थे भरत भूषण

आशा देवी का दावा है कि भरत भूषण तिवारी जवइनिया क्षेत्र के बाढ़ विस्थापितों की समस्याओं के लिए लगातार आवाज उठा रहे थे और प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे थे। इसी कड़ी में 17 जून की सुबह जगदीशपुर के डीएसपी और शाहपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक पुलिस टीम उनके घर पहुंची। मां का आरोप है कि पुलिस टीम ने भरत भूषण को यह कहकर अपने साथ ले लिया कि उन्हें बाढ़ विस्थापितों वाली जगह का मुआयना करना है और चलकर समस्याएं दिखाने को कहा।

फेसबुक लाइव के दौरान सरेंडर करने का दावा

घटनाक्रम के संबंध में मां ने बताया कि जवइनिया के बाढ़ विस्थापितों वाली जगह पर पहुंचने के बाद भरत भूषण ने फेसबुक लाइव के जरिए बाढ़ पीड़ितों की मांगों को जनता और प्रशासन के सामने रखने का प्रयास किया। आवेदन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि अपनी बात रखने के बाद भरत ने अपने हाथ में मौजूद हथियार को जमीन पर डाल दिया और पुलिस के सामने पूरी तरह आत्मसमर्पण कर दिया। बावजूद इसके, पुलिसकर्मियों ने उन्हें धक्का देकर गिराया और बर्बरता का परिचय दिया।

जगदीशपुर एसडीपीओ पर लगाया गंभीर आरोप

एफआईआर का सबसे गंभीर वह आरोप है जिसमें कहा गया है कि जगदीशपुर के डीएसपी के सीधे निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने निहत्थे भरत भूषण पर पांच गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद जब वह गंभीर रूप से घायल हो गए, तो उन्हें पुलिस अपने साथ वाहन में ले गई। इसके बाद परिवार को उनकी मौत की दुखद सूचना दी गई। इस दौरान मृतक के पिता काशीनाथ तिवारी को भी पूरे दिन थाने में बैठाए रखा गया।

एसपी बोले- आवेदन के आधार पर कराई जा रही जांच

भोजपुर के एसपी ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त आवेदन के आधार पर गहन जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान में पूरा मामला जांच के दायरे में है। लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, कानून और न्याय व्यवस्था में भरोसा रखने वाले हर व्यक्ति की नजर इस मामले पर है। फिलहाल, इस मामले में एफआईआर दर्ज होना न्याय की ओर पहला कदम माना जा रहा है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Mother Aranya Devi - Ara
Mother Aranya Devi - Ara

Most Popular