Homeआरा भोजपुरजगदीशपुरएनडीए गठबंधन राज्य और देश के विकास के लिए कर रहे काम-...

एनडीए गठबंधन राज्य और देश के विकास के लिए कर रहे काम- नीतीश कुमार

CM targeted Congress and RJD : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को भोजपुर के जगदीशपुर स्थित स्वास्थ साहू उच्च विद्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।

  • हाइलाइट: CM targeted Congress and RJD
    • सीएम नीतीश कुमार ने कांग्रेस और राजद पर साधा निशाना
    • कहा: कुछ दिनों के लिये हम उनके साथ थे, जब वे गड़बड़ करने लगे, तो अलग हो गये
    • जगदीशपुर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम
    • कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

CM targeted Congress and RJD जगदीशपुर,आरा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को भोजपुर के जगदीशपुर स्थित स्वास्थ साहू उच्च विद्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज मुझे प्रगति यात्रा की योजनाओं के स्थल भ्रमण एवं शिलान्यास के लिए भोजपुर जिला के जगदीशपुर में आने तथा आपसे बातचीत करने का मौका मिला है। बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यकर्ता संवाद में आप सब लोग उपस्थित हैं।

Bijay Kumar singh
Bijay Kumar singh (1)
Shadow

आप सब जानते हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बहुत बुरा हाल था। कांग्रेस और राजद की सरकार ने कोई काम नहीं किया। कुछ दिनों के लिये हम उनके साथ थे, लेकिन जब वे गड़बड़ करने लगे तो हम उनसे अलग हो गये। भाजपा और जदयू का पुराना संबंध है। हमलोग साथ मिलकर राज्य और देश के विकास के लिये काम कर रहे हैं। हमलोग हमेशा साथ रहेंगे। जब 24 नवंबर, 2005 को एनडीए की सरकार बनी थी, तब से हम लोग बिहार के विकास में लगे हुये हैं और राज्य में कानून का राज है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।

CM targeted Congress and RJD : चुनाव से पहले 50 लाख से अधिक नौकरी एवं रोजगार दे दिया जायेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया है। राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया। वर्तमान तक युवाओं को 10 लाख नौकरी एवं 39 लाख रोजगार दे दिया गया है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक नौकरी एवं रोजगार दे दिया जायेगा। अब तय किया है कि अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी/रोजगार दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का बजट लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2005-06 में नयी सरकार बनने के समय राज्य का बजट पहले से ही मात्र 28 हजार करोड़ रुपये था, जिसे वर्ष 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपये किया गया और यह लगातार बढ़ते-बढ़ते अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कुछ नये निर्णय लिये गये हैं। सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 कर दिया है। इससे 1 करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है।

वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गयी। सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी जाती थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर लगाये जायेंगे। हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नयी योजना ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की स्वीकृति दी गयी है जिसमें हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रूपये की राशि दी जायेगी। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। यह काम इसी सितम्बर माह से शुरू हो जायेगा। बिहार में नये उद्योग लगाने के लिए मुफ्त जमीन एवं विशेष सहायता दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोजपुर जिले में विकास के सभी काम कराये गये हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। आरा में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। भोजपुर में कर्पूरी ठाकुर छात्रावास अनुसूचित जाति आवासीय उच्च विद्यालय एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आवासीय उच्च विद्यालय का निर्माण कराया गया है। भोजपुर जिले में अनेक पुल एवं पथ निर्माण कराया गया है जिसमें आरा और सारण के बीच गंगा नदी पर वीर कुंवर सिंह सेतु का निर्माण कराया है। सोन नदी पर 6 लेन कोईलवर पुल का निर्माण कराया गया है। नासरीगंज से कोईलवर तक नया स्टेट हाइवे का निर्माण कराया गया है।

आरा शहर में आरओबी का निर्माण कराया गया है। भोजपुर जिले में सिंचाई सुविधाओं का विकास कराया गया है जिसमें बाबू बांध तथा मलौर सिंचाई योजनाओं का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया गया है। सोन नहर की बिहिया तथा कटैया वितरणी का जीर्णोद्धार कराया है। बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्मस्थली जगदीशपुर में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास हुआ है। वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में मैंने प्रगति यात्रा के दौरान भोजपुर जिले में आकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए 10 योजनाओं की स्वीकृति दे दी गयी है।

इन योजनाओं में आरा में रिंग रोड निर्माण, 3 पथों का चौड़ीकरण, 2 नहर बांध पर सड़क का निर्माण, आरा शहर में सम्प निर्माण, पीरो पथ में बाईपास निर्माण, प्रखंड के नये भवनों का निर्माण तथा तरारी में सूर्य मंदिर परिसर का विकास करना शामिल है। आज इन सभी योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। हम आप सभी लोगों से कहना चाहते हैं कि इस क्षेत्र के विकास के लिये और भी जो काम आपलोगों को लगता है कराने की जरूरत है, तुरंत बतायें, उस पर हमलोग कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व मंत्री एवं विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह, विधान पार्षद भगवान सिंह कुशवाहा, विधान पार्षद राधाचरण साह, विधायक विशाल प्रशांत, पूर्व विधायकगण, राज्य नागरिक परिषद् के महासचिव अरविंद कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में लाभार्थीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

ranjna
Shadow
KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। हिंदी दैनिक समाचार पत्र राष्ट्रीय सहारा, नव संदेश, न्यूज वेबसाईट खबरें आपकी के संपादक, ट्रस्टी, मां आरण्य देवी मंदिर विकास ट्रस्ट तथा सचिव, सनातनी गंगा फाउंडेशन, भोजपुर, आरा।
- Advertisment -
jay kumar (1)

Most Popular