Play with Bihar Police: शाहपुर में क्रिकेट मैच के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच बढ़ी नजदीकी
- हाइलाइट: Play with Bihar Police ‘खेलो बिहार-बिहार पुलिस के साथ’
- उद्घाटन शाहपुर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद जुगनू देवी के द्वारा किया गया
- पुलिस विभाग और पब्लिक टीमों के बीच एक बेहद रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिला
आरा/शाहपुर। बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के भव्य आयोजन के अवसर पर प्रदेश भर में विभिन्न जागरूकता और सामुदायिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में ‘खेलो बिहार-बिहार पुलिस के साथ’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को जिले के शाहपुर हाई स्कूल के खेल मैदान में एक दिवसीय क्रिकेट मैत्री मैच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनमानस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और खेल के माध्यम से आपसी विश्वास को सुदृढ़ करना था।

क्रिकेट मैच का विधिवत उद्घाटन शाहपुर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद जुगनू देवी के द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान चेयरमैन जुगनू देवी ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके उपरांत, उन्होंने मैदान के पिच पर स्वयं हाथ में बल्ला थामकर गेंद को सर्व किया और मैच की विधिवत शुरुआत की।
क्रिकेट मैच में पुलिस विभाग और पब्लिक टीमों के बीच एक बेहद रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों ही पक्षों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपना कौशल प्रदर्शित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पब्लिक टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 124 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस टीम ने जीत के लिए कड़ा संघर्ष किया, लेकिन पब्लिक टीम की सटीक गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के आगे पुलिस टीम की पारी 105 रनों पर ही सिमट गई। इस प्रकार, पब्लिक टीम ने पुलिस टीम को 20 रनों से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। पुलिस टीम इस मुकाबले में उप-विजेता रही। मैच के दौरान अपने उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए पब्लिक टीम के शुभम कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शाहपुर के अपर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में टीम भावना, समर्पण और अनुशासन विकसित करने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने बताया कि ‘खेलो बिहार-बिहार पुलिस के साथ’ पहल का प्राथमिक उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच की दूरी को मिटाना है, ताकि समाज में एक सुरक्षित, भयमुक्त और दोस्ताना वातावरण तैयार किया जा सके। इस अवसर पर अपर थानाध्यक्ष द्वारा कबड्डी टीम के बच्चियों को सम्मानित किया गया।


