Homeबिहारआराआरा में पुलिस ने दबोचा सुपारी किलर: जानें कैसे हुआ यह बड़ा...

आरा में पुलिस ने दबोचा सुपारी किलर: जानें कैसे हुआ यह बड़ा खुलासा!

राजगीर और आरा में हत्या सहित तीन विभिन्न कांडों में वांछित कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

Contract killer Arrah: आरा नगर थाने की पुलिस द्वारा हत्या की दो सहित तीन कांडों में वांछित कुख्यात अपराधी पंकज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • हाइलाइट्स: Contract killer Arrah
    • नगर थाना क्षेत्र से शुक्रवार की सुबह पकड़ा गया कुख्यात पंकज यादव
    • राजगीर में पर्यटक, आरा में गोलू यादव की हत्या एवं प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने में तीन तलाश
    • कुख्यात मिथिलेश पासवान का शूटर बताया जा रहा गिरफ्तार पंकज यादव
    • कुछ रोज पहले सूरत छापेमारी के दौरान पुलिस से बच निकला था पंकज

भोजपुर, बिहार। आरा नगर थाने की पुलिस द्वारा हत्या की दो सहित तीन कांडों में वांछित कुख्यात अपराधी पंकज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। तकनीकी सूत्र के जरिए शुक्रवार की सुबह उसे नगर थाना क्षेत्र से ही गिरफ्तार किया गया। पंकज यादव थाना क्षेत्र के भलुहीपुर गांव निवासी स्व. संतोषी यादव का पुत्र है। उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। वह शूटर के अलावा सुपारी किलर भी है। उसके खिलाफ सिर्फ नगर थाने में हत्या, गोलीबारी, आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी सहित सात मामले दर्ज हैं। नालंदा जिले के राजगीर थाने में भी हत्या का एक केस दर्ज है।

वह भोजपुर के एक पूर्व और वर्चस्व में मारे गए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मिथिलेश पासवान का शूटर बताया जा रहा है। पंकज यादव की गिरफ्तारी से भलुहीपुर निवासी ऑटो चालक गोलू यादव और राजगीर में आरा के धरहरा निवासी मंजीत सोनी की हत्या एवं नगर थाना क्षेत्र के मीराचक में प्रॉपर्टी डीलर शाहिद आलम को गोली मारने सहित कुछ अन्य घटनाओं का खुलासा हुआ है। एसपी राज की ओर से शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि भलुहीपुर मोहल्ला निवासी पंकज यादव एक दुर्दांत अपराधी है। वह भलुहीपुर निवासी गोलू यादव और राजगीर में आरा के एक युवक की हत्या सहित अन्य गंभीर कांडों में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। कुछ रोज पहले तकनीकी सूत्र के जरिए गुजरात के सूरत में भी उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की गयी थी। हालांकि तब छोटी सी चूक के कारण वह सूरत से बच निकला था। उसके बाद से ही टीम उसके पीछे लगी थी। उसी क्रम में शुक्रवार सुबह थानाध्यक्ष देवराज राय और अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में नगर थाने की टीम द्वारा उसे शहर से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

Contract killer Arrah: प्रेम प्रसंग में मारा गया था गोलू यादव, पंकज यादव ने करायी थी हथियार की व्यवस्था

पुलिस के हत्थे चढ़ा नगर थाना क्षेत्र के भलुहीपुर निवासी पंकज यादव शूटर के साथ एक कांट्रैक्ट किलर भी था। वह हत्या के लिए हथियार और शूटर की भी मैनेज करता था। पुलिस की पूछताछ में पंकज यादव ने राजगीर में मंजीत सोनी और आरा में गोलू यादव की हत्या के कई राज उगला है। उससे पूछताछ के बाद एसपी राज द्वारा यह जानकारी दी गई। एसपी के अनुसार पंकज यादव ने बताया कि गोलू यादव और उसी मोहल्ले के विवेक यादव एक ही लड़के से प्रेम करते थे। उसे लेकर दोनों में अनबन चल रही थी। उसी को लेकर विवेक यादव द्वारा पंकज यादव सहित अन्य लोगों के साथ गोलू यादव की हत्या कर दी गई थी। उसके लिए पंकज यादव ने हथियारों की व्यवस्था करायी थी।

बताते चलें कि इसी साल 17 अप्रैल की सुबह भलुहीपुर अखाड़े के पास क्रिकेट खेलने गये वकील यादव के 16 वर्षीय पुत्र गोलू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसे छह गोलियां मारी गयी थी। उस मामले में वकील यादव के बयान पर विवेक यादव और पंकज यादव सहित सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। पुलिस की ओर से उस मामले में विवेक यादव सहित छह आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया था। हालांकि पंकज यादव फरार चल रहा था।

मिथिलेश पासवान की हत्या में लाइनर के संदेह में राजगीर में भून दिया गया था मंजीत

एसपी राज के अनुसार पूछताछ में पंकज यादव द्वारा राजगीर में आरा निवासी मंजीत सोनी की हत्या और आरा नगर थाना क्षेत्र के मीराचक में प्रॉपर्टी डीलर शाहिद आलम को गोली मारने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गयी है। एसपी के अनुसार पंकज यादव ने पूछताछ में बताया कि मिथिलेश पासवान की हत्या में धरहरा निवासी मंजीत सोनी द्वारा लाइनर का काम किया गया था। उसी प्रतिशोध में साजिश के तहत राजगीर घूमने गए मंजीत सोनी की गोली मारकर हत्या की गयी थी। उस हत्याकांड में पंकज यादव मुख्य शूटर था। राजगीर के वनगंगा के पास 15 अगस्त को मंजीत सोनी को गोलियों से भून दिया गया था। उसे करीब से पांच गोलियां मारी गई थी।

वहीं, पंकज यादव द्वारा आरा नगर थाना क्षेत्र के मीराचक में पिछले साल 24 अक्टूबर की सुबह बड़की सिंगही निवासी प्रॉपर्टी डीलर शाहिद आलम को सुपारी किलर द्वारा गोली मारी गई थी। एसपी के अनुसार पूछताछ में पंकज यादव ने बताया उसके लिए उसे चार लाख की सुपारी मिली थी। उस मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में सुपारी देने वाले सहित ही अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पढ़ें: जेल में बंद कुख्यात के इशारे पर सुपारी देकर करायी गयी कपड़ा दुकानदार की हत्या

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular