Pond on the Road: नगर पंचायत शाहपुर की बदहाल स्थिति और प्रशासनिक उदासीनता का जीता-जागता उदाहरण: बनाही सड़क पर जलजमाव
- हाइलाइट: Pond on the Road
- नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करना अब बंद करें नगर प्रशासन: बिजय सिंह
आरा। जिले के शाहपुर नगर पंचायत स्थित थाना मोड़ के सामने बनाही सड़क पर जलजमाव की विकट स्थिति, ईओ साहब क्या करें बच्चें, स्कूल जाय या घर लौट जाये। जलजमाव की इस विकट स्थिति के कारण यहाँ से गुजरने वाले राहगीरों, विशेषकर स्कूली बच्चों के लिए भारी मुसीबत उत्पन्न हो गई है। अभिभावक अपने बच्चों को इस जलमग्न सड़क से विद्यालय भेजें या दुर्घटना के डर से उन्हें वापस घर बुला लें। आलम यह है कि सामान्य से हल्की बारिश के बाद भी थाना मोड़ के पास यह सड़क, तालाब का रूप ले लेती है।
Pond on the Road : सफाई के नाम पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का आवंटन
यह स्थिति तब है जब नगर प्रशासन द्वारा सड़क की सफाई और जल निकासी के नाम पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का आवंटन किया जाता है। प्रश्न यह उठता है कि यदि सफाई के नाम पर खर्च की जाने वाली इतनी बड़ी राशि का उपयोग सही दिशा में होता, तो आज यह दयनीय स्थिति देखने को नहीं मिलता। जनता का पैसा कागजों में खर्च दिखाया जा रहा है, जबकि धरातल पर स्थितियां बद से बदतर होती जा रही हैं।
जिम्मेदारों का भ्रमण और आम जनता में आक्रोश
आम जनता का आक्रोश इस बात से और अधिक बढ़ जाता है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मी केवल खानापूर्ति के लिए भ्रमण करने आते हैं, लेकिन समाधान के नाम पर कुछ भी नहीं होता। जिम्मेदारों का यह भ्रमण अब स्थानीय निवासियों के बीच चर्चा और उपहास का विषय बन गया है।
शाहपुर नगर प्रशासन की घोर लापरवाही
बच्चों के शिक्षा के अधिकार और सुरक्षित आवागमन के मूलभूत अधिकारों के साथ हो रहा यह समझौता नगर प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। क्या प्रशासन तब तक इंतज़ार करेगा जब तक कि कोई बड़ा हादसा न हो जाए? जलजमाव की इस समस्या का स्थाई समाधान करना अब अनिवार्य हो गया है। सफाई एजेंसी के सिस्टम को सुदृढ़ करना और जल निकासी की सुचारू व्यवस्था करना समय की मांग है।
सुरक्षा के साथ खिलवाड़
पूर्व चेयरमैन बिजय कुमार सिंह और पूर्व उपचेयरमैन गुप्तेश्वर साह ने कहा कि हम नगर प्रशासन से यह मांग करते हैं कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझें और इस समस्या का त्वरित समाधान करें। जनता केवल दिखावटी दौरों की उम्मीद नहीं करती, बल्कि ठोस कार्रवाई देखना चाहती है ताकि बनाही सड़क पर आवागमन सुगम और सुरक्षित बन सके। नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करना अब बंद होना चाहिए।

